पटना (PATNA) : बिहार के उपमुख्यमंत्री विजेंद्र यादव ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव और महागठबंधन पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने विपक्ष को "निकम्मा" बताते हुए कहा कि ऐसा निष्क्रिय विपक्ष उन्होंने आज तक नहीं देखा, जो अपना उम्मीदवार खड़ा करके विदेश चला जाए. उनका इशारा तेजस्वी यादव की विदेश यात्रा को लेकर था.
सरकार पूरी मजबूती से काम कर रही है
विजेंद्र यादव ने विपक्ष के उस आरोप का भी जवाब दिया, जिसमें कहा गया था कि राज्य का खजाना खाली हो गया है. उन्होंने कहा, "जो चोर होता है, वही कहता है कि खजाना खाली है. बिहार सरकार के पास विकास कार्यों के लिए पर्याप्त संसाधन हैं और सरकार पूरी मजबूती से काम कर रही है."
उनकी पार्टी का आंतरिक मामला है
राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी के इस्तीफे को लेकर पूछे गए सवाल पर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि यह उनकी पार्टी का आंतरिक मामला है. उन्होंने कहा, "यह उनके दल का विषय है. उनसे जाकर पूछिए, हमसे मत पूछिए."
उसका बिल जरूर पास किया जाएगा
ठेकेदारों के भुगतान को लेकर लगाए जा रहे आरोपों पर विजेंद्र यादव ने कहा कि सरकार किसी का भुगतान रोकने के पक्ष में नहीं है. उन्होंने स्पष्ट किया कि जिस ठेकेदार ने नियमों के अनुसार और सही तरीके से काम किया होगा, उसका बिल जरूर पास किया जाएगा.
भाजपा-एनडीए की जीत का दावा
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर भी उन्होंने भाजपा-एनडीए की जीत का दावा किया. उन्होंने कहा कि यह पहले से एनडीए की जीती हुई सीट है, इसलिए चुनाव में किसी तरह की परेशानी नहीं होगी और जनता एक बार फिर एनडीए के उम्मीदवार पर भरोसा जताएगी.
विपक्ष की ओर से फर्जी एनकाउंटर के लगाए जा रहे आरोपों पर भी विजेंद्र यादव ने पलटवार किया. उन्होंने कहा कि विपक्ष पहले यह बताए कि "ओरिजिनल एनकाउंटर कैसे होता है?" उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष बिना तथ्यों के सरकार और पुलिस पर सवाल उठा रहा है, जबकि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस अपनी जिम्मेदारी निभा रही है.इस दौरान विजेंद्र यादव ने कहा कि विपक्ष को बेबुनियाद आरोप लगाने के बजाय जनता के मुद्दों पर सकारात्मक राजनीति करनी चाहिए.

