बिहार के भूमिहीन परिवारों के लिए सीएम का बड़ा ऐलान! 22 सितंबर से सभी पंचायतों में लगेगा विशेष शिविर

बिहार के भूमिहीन परिवारों को आवासीय जमीन उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने 'अभियान बसेरा' के तहत 22 सितंबर 2026 से सभी पंचायतों में विशेष शिविर लगाने का ऐलान किया है. पात्र लोग पंचायत, अंचल कार्यालय या ऑनलाइन बिहार भूमि पोर्टल के जरिए आवेदन कर सकेंगे.

बिहार के भूमिहीन परिवारों के लिए सीएम का बड़ा ऐलान! 22 सितंबर से सभी पंचायतों में लगेगा विशेष शिविर

पटना (PATNA): बिहार के भूमिहीन परिवारों को आवासीय जमीन उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाने का ऐलान किया है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर बताया कि 'अभियान बसेरा' के तहत 22 सितंबर 2026 से राज्य की सभी पंचायतों में विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे. मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का संकल्प है कि बिहार के प्रत्येक भूमिहीन परिवार को अपना आशियाना मिले और कोई भी पात्र परिवार आवासीय भूमि के अधिकार से वंचित न रहे. उन्होंने कहा कि अब गृहस्थल यानी वासभूमि के पर्चे के लिए लोगों को अनावश्यक परेशानी उठाने की जरूरत नहीं होगी. पात्र लोग अपने नजदीकी ग्राम पंचायत या अंचल कार्यालय में आवेदन जमा कर सकेंगे.

मुख्यमंत्री ने अपने पोस्ट में बताया कि संबंधित अधिकारियों को आवेदन स्वीकार करने और आवेदकों को उसकी रसीद उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है. इसका मकसद भूमिहीन परिवारों को आवेदन प्रक्रिया के लिए राज्य मुख्यालय या दूर के कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत देना है. हाल में राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग की ओर से भी स्पष्ट किया गया है कि 'अभियान बसेरा' के पात्र लाभुकों को आवेदन जमा करने के लिए पटना आने की जरूरत नहीं है और वे अपने संबंधित अंचल कार्यालय में आवेदन कर सकते हैं. विभाग की ओर से पात्रता की जांच के बाद नियमानुसार वासभूमि उपलब्ध कराने और बंदोबस्ती प्रमाण-पत्र देने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी.

इसके साथ ही बिहार सरकार ने आवेदन प्रक्रिया को ऑनलाइन भी आसान बनाया है. मुख्यमंत्री के मुताबिक राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के बिहार भूमि पोर्टल के माध्यम से पात्र परिवार घर बैठे गृहस्थल यानी वासभूमि के लिए आवेदन कर सकते हैं. विभाग की ओर से अभियान बसेरा-2 के तहत ऑनलाइन आवेदन की सुविधा शुरू किए जाने की जानकारी सामने आई है. वहीं, कई जिलों में पंचायत और अंचल स्तर पर लोगों को अभियान की जानकारी देने के लिए जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है. पात्र भूमिहीन परिवारों से अपील की गई है कि वे निर्धारित प्रक्रिया के तहत सीधे संबंधित अंचल कार्यालय या ऑनलाइन माध्यम से आवेदन करें. अभियान का उद्देश्य आवासीय भूमि से वंचित पात्र परिवारों को भूमि उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें अपना घर बनाने के लिए जमीन का अधिकार मिल सके.