CM सम्राट ने मेगा जॉब फेयर में 20,226 युवाओं को दिया नियुक्ति पत्र,कहा अब हर जिले में लगेगा नियोजन मेला

बिहार के युवाओं के लिए रोजगार के मोर्चे पर बड़ी खबर सामने आई है. पटना में आयोजित मेगा जॉब फेयर-2026 में 115 से अधिक नियोजकों की भागीदारी से 20,226 युवक-युवतियों को रोजगार के अवसर मिले.

CM सम्राट ने मेगा जॉब फेयर में 20,226 युवाओं को दिया नियुक्ति पत्र,कहा अब हर जिले में लगेगा नियोजन मेला

पटना(PATNA):बिहार के युवाओं के लिए रोजगार के मोर्चे पर बड़ी खबर सामने आई है. पटना में आयोजित मेगा जॉब फेयर-2026 में 115 से अधिक नियोजकों की भागीदारी से 20,226 युवक-युवतियों को रोजगार के अवसर मिले. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए और युवाओं को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं.

Image

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य युवाओं को कौशल प्रशिक्षण देकर उन्हें रोजगार से जोड़ना है. इसी दिशा में अब अगले वर्ष से बिहार के प्रत्येक जिले में नियोजन मेले आयोजित किए जाएंगे, ताकि युवाओं को अपने जिले और आसपास ही रोजगार के अवसर मिल सकें.

मेगा जॉब फेयर में चयनित युवाओं में 3,940 को बिहार में ही रोजगार मिला, जबकि 476 युवाओं का विदेश में रोजगार के लिए चयन हुआ. 36 दिव्यांगजनों को भी रोजगार के अवसर मिले. बैंकिंग, फाइनेंशियल सर्विसेज, इंश्योरेंस, रिटेल सहित कई क्षेत्रों की कंपनियों ने युवाओं का चयन किया.

मुख्यमंत्री ने बताया कि बिहार कौशल विकास मिशन के माध्यम से अब तक 25 लाख युवाओं को प्रशिक्षित किया जा चुका है, जबकि कुशल युवा कार्यक्रम के तहत 12 लाख युवाओं को प्रमाण-पत्र दिए गए हैं. सरकार का प्रयास है कि बिहार के युवा आधुनिक कौशल हासिल कर देश-विदेश में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करें.

उन्होंने कहा कि अगले पांच वर्षों में एक करोड़ लोगों को नौकरी और रोजगार से जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. सरकार उद्योग, इंफ्रास्ट्रक्चर और रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रही है, ताकि युवाओं को रोजगार के लिए बिहार से बाहर जाने की मजबूरी कम हो.

Image

कार्यक्रम के दौरान मानसिक रोग से स्वस्थ हुए लोगों के पुनर्वास के लिए भोजपुर में प्रशिक्षण केंद्र तथा दिव्यांगजनों और ट्रांसजेंडर समुदाय के लोगों के कौशल विकास एवं आजीविका संवर्धन के लिए प्रशिक्षण केंद्रों का भी शुभारंभ किया गया.

मुख्यमंत्री ने पटना में वर्ल्ड ट्रेड सेंटर स्थापित करने के लिए केंद्र सरकार से आग्रह किए जाने की जानकारी भी दी. उनका कहना है कि इससे देश-दुनिया के लोगों को बिहार से जोड़ने और राज्य के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करने में मदद मिलेगी.

Image

विश्व कौशल प्रतियोगिता-2026 में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले बिहार के इंडिया स्किल विजेताओं को भी इस अवसर पर सम्मानित किया गया. मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार की प्रतिभाएं अब राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बना रही हैं.

उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे लगातार सीखने और अपने कौशल को बेहतर बनाने पर ध्यान दें. कौशल, मेहनत और अवसर के मेल से बिहार के युवा रोजगार पाने वाले ही नहीं, बल्कि रोजगार देने वाले भी बन सकते हैं.