BJP और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झड़प, लाठी-डंडे चले तो पुलिस ने संभाला मोर्चा, पढ़ें पूरी खबर

BJP और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झड़प, लाठी-डंडे चले तो पुलिस ने संभाला मोर्चा, पढ़ें पूरी खबर

पटना (PATNA) : बिहार की राजधानी पटना में उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया जब भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच जमकर झड़प हो गई. यह घटना कांग्रेस मुख्यालय के बाहर हुई. जहां भाजपा कार्यकर्ता प्रदर्शन करने पहुंचे थे. प्रदर्शन के दौरान दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते विवाद ने प्रबल रूप ले लिया.

सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल रहा

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पहले दोनों पक्षों के बीच नारेबाजी हुई. इसके बाद बहस शुरू हुई जो कुछ ही देर में धक्का-मुक्की और मारपीट में बदल गई. हालात इतने बिगड़ गए कि दोनों ओर से लाठी-डंडे चलने लगे. सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और आसपास मौजूद लोगों में भी भय उत्तपन्न हो गया.

पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में लिया

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने दोनों पक्षों को अलग करने की कोशिश की और स्थिति को नियंत्रण में लिया. काफी मशक्कत के बाद माहौल शांत कराया गया. पुलिस ने इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा बल भी तैनात कर दिए ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना दोबारा न हो.

लोगों से शांति बनाए रखने की अपील

इस झड़प के कारण कुछ समय के लिए कांग्रेस मुख्यालय के आसपास यातायात भी प्रभावित रहा. पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि झड़प में कितने लोग घायल हुए हैं. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटनास्थल पर मौजूद लोगों से जानकारी जुटाई जा रही है.

कानून-व्यवस्था बनाए रखना पहली प्राथमिकता

राजनीतिक टकराव के इस घटनाक्रम के बाद दोनों दलों की ओर से एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाए जा रहे हैं. हालांकि प्रशासन का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना उनकी प्राथमिकता है और मामले में जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.फिलहाल पुलिस की मौजूदगी में स्थिति सामान्य बताई जा रही है, लेकिन पूरे घटनाक्रम को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है.