पटना (PATNA): बिहार के सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव ने बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में अपने पूरे परिवार के साथ मतदान किया. उन्होंने पटना के जमाल रोड स्थित जीसस एंड मैरी कॉन्वेंट स्कूल में बने मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला. मतदान के बाद उन्होंने एनडीए की जीत का भरोसा जताया और विपक्ष पर तीखा हमला बोला.
जनता का पूरा समर्थन एनडीए को मिल रहा है
रामकृपाल यादव ने कहा कि बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में चारों ओर केवल एनडीए उम्मीदवार के पक्ष में मतदान हो रहा है. उनके मुताबिक चुनाव में विपक्ष कहीं भी मुकाबले में दिखाई नहीं दे रहा है. उन्होंने दावा किया कि जनता का पूरा समर्थन एनडीए को मिल रहा है और इसका असर मतदान के दौरान साफ दिखाई दे रहा है.
विपक्ष द्वारा लगाए जा रहे आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए मंत्री ने कहा कि जो लोग इस तरह के आरोप लगा रहे हैं, उनका बांकीपुर से कोई वास्तविक जुड़ाव नहीं है. उन्होंने कहा कि अगर विपक्षी उम्मीदवार खुद को बांकीपुर का नेता बताते हैं तो पहले वे क्षेत्र की पांच कॉलोनियों के नाम बताकर दिखाएं. तभी यह माना जाएगा कि उन्हें इलाके की जानकारी है.
विपक्ष का यहां के लोगों से कोई संबंध नहीं रहा है
रामकृपाल यादव ने कहा कि वह चुनौती के साथ यह बात कह रहे हैं कि विपक्षी उम्मीदवार को बांकीपुर की एक भी कॉलोनी का नाम नहीं पता होगा. उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव लड़ने वाले कुछ लोग कभी भी बांकीपुर की जनता के सुख-दुख में शामिल नहीं रहे और न ही उनका यहां के लोगों से कोई संबंध रहा है.
जनता विकास के पक्ष में अपना जनादेश देगी
मंत्री ने कहा कि जनता ऐसे नेताओं को अच्छी तरह पहचानती है, जो केवल चुनाव के समय दिखाई देते हैं. उनका दावा है कि बांकीपुर की जनता विकास और स्थिर सरकार के मुद्दे पर एनडीए के साथ मजबूती से खड़ी है. उन्होंने विश्वास जताया कि उपचुनाव में एनडीए उम्मीदवार को भारी बहुमत मिलेगा और जनता एक बार फिर विकास के पक्ष में अपना जनादेश देगी.

