अब शिक्षा विभाग की कमान संभालेंगे सी के अनिल, अरविंद कुमार को मिली एक और जिम्मेदारी, बिहार में 4 IAS...
बिहार की सामान्य प्रशासन विभाग ने इस संबंध में अधिसूचना भी जारी कर दी है. जारी अधिसूचना के अनुसार सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से अपने नए विभाग में योगदान देना है. यह फेरबदल राज्य मुख्यालय में सचिव स्तर के अधिकारियों का किया गया है
पटना: बड़ी खबर राज्य के प्रशासनिक महकमे से है जहां चार आईएएस का तबादला किया गया है. बिहार की सामान्य प्रशासन विभाग ने इस संबंध में अधिसूचना भी जारी कर दी है. जारी अधिसूचना के अनुसार सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से अपने नए विभाग में योगदान देना है. यह फेरबदल राज्य मुख्यालय में सचिव स्तर के अधिकारियों का किया गया है. अधिकारियों को उनकी जिम्मेदारी बदली गई है.
सी के अनिल को शिक्षा विभाग के एसीएस की जिम्मेदारी
जारी अधिसूचना के अनुसार बिहार राज्य योजना पर्षद के परामर्शी 1991 बैच के आईएएस अधिकारी सी के अनिल को अब शिक्षा विभाग में अपर मुख्य सचिव की जिम्मेदारी दी गई है.
अरविंद कुमार को मिली एक और अतिरिक्त जिम्मेदारी
सरकार ने 1995 बैच के आईएएस अधिकारी अरविंद कुमार का भी विभाग बदल दिया है. उन्हें मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग के अपर मुख्य सचिव पद के साथ ही अब कृषि विभाग में कृषि उत्पादन आयुक्त की अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई है. उनके पास पहले से ही संयुक्त प्रवेश परीक्षा पर्षद और बिपार्ड के महानिदेशक पद की अतिरिक्त जिम्मेदारी है.
पंकज कुमार अतिरिक्त जिम्मेदारी से हुए मुक्त
इसके साथ ही गृह विभाग के प्रधान सचिव 1997 बैच के आईएएस अधिकारी पंकज कुमार को अब सामान्य प्रशासन विभाग के जांच आयुक्त की अतिरिक्त जिम्मेदारी से मुक्त कर दिया गया है. वहीं 2014 बैच के आईएएस अधिकारी अमित कुमार को कृषि विभाग के अपर सचिव की जिम्मेदारी दी गई है. वर्तमान में वह राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के अपर सचिव की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं.