यात्रा से पहले चेक करें अपनी ट्रेन, मोकामा रेल पुल के काम से यातायात प्रभावित, बिहार में आज 14 ट्रेनें रद्द
मोकामा में नए गंगा रेल पुल से जुड़े तकनीकी कार्य के कारण 22 सितंबर को बिहार में रेल परिचालन प्रभावित रहेगा. रेलवे ने 14 ट्रेनों को रद्द किया है और करीब 30 ट्रेनों का रूट बदला है.
पटना(PATNA) : बिहार में मंगलवार, 22 सितंबर को रेल यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है. मोकामा में गंगा नदी पर बन रहे नए रेल पुल को चालू करने से पहले रेलवे कई स्थानों पर महत्वपूर्ण तकनीकी कार्य कर रहा है. इसके कारण दानापुर और सोनपुर मंडल से गुजरने वाली ट्रेनों के परिचालन में बदलाव किया गया है. रेलवे ने 14 ट्रेनों को रद्द किया है, जबकि करीब 30 ट्रेनों को परिवर्तित मार्ग से चलाने का निर्णय लिया गया है.
पांच स्थानों पर रेलवे का तकनीकी काम
राजेंद्र पुल, हथिदह जंक्शन अपर, टाल, रामपुर डुमरा और दिनकर ग्राम सिमरिया जंक्शन पर प्री-इंटरलॉकिंग और नॉन-इंटरलॉकिंग का काम किया जा रहा है. इस दौरान ट्रैक, सिग्नल और प्वाइंट सहित रेल परिचालन से जुड़ी व्यवस्थाओं में आवश्यक बदलाव होंगे.
पटना-मोकामा-किऊल रूट पर असर
काम के चलते किऊल-पटना और पटना-किऊल मेमू फास्ट पैसेंजर के साथ मोकामा-किऊल मेमू को रद्द किया गया है. सहरसा-राजेंद्रनगर और राजेंद्रनगर-सहरसा इंटरसिटी एक्सप्रेस भी 22 सितंबर को नहीं चलेगी.
जयनगर और हावड़ा की ट्रेनें भी रद्द
जयनगर-पटना और पटना-जयनगर एक्सप्रेस के यात्रियों पर भी इसका असर पड़ेगा. हावड़ा-जयनगर और जयनगर-हावड़ा एक्सप्रेस को भी रद्द ट्रेनों की सूची में शामिल किया गया है. इसके अलावा मोकामा-हावड़ा, हावड़ा-मोकामा और मालदा टाउन-नई दिल्ली एक्सप्रेस का परिचालन भी प्रभावित रहेगा.
यात्रा से पहले चेक करें ट्रेन स्टेटस
रद्द ट्रेनों में आरा-बनारस मेमू और कोलकाता टर्मिनल-आरा गरीब रथ भी शामिल हैं. रेलवे ने यात्रियों को स्टेशन के लिए निकलने से पहले अपनी ट्रेन की वर्तमान स्थिति जांचने की सलाह दी है. खासकर पटना, मोकामा, किऊल, जयनगर, सहरसा, हावड़ा, आरा और बनारस रूट के यात्रियों को अपडेट देखकर ही यात्रा की योजना बनानी चाहिए.