बड़ी खबर: पटना में CBI की कार्रवाई, आयकर विभाग की महिला अधिकारी रिश्वत लेते गिरफ्तार

पटना में सीबीआई ने आयकर विभाग के Exemption कार्यालय की महिला अधिकारी सुनंदा कुमार और एक कर्मचारी को NGO से टैक्स छूट संबंधी प्रमाण पत्र के बदले कथित रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया.

बड़ी खबर: पटना में CBI की कार्रवाई, आयकर विभाग की महिला अधिकारी रिश्वत लेते गिरफ्तार

पटना (PATNA): बिहार की राजधानी पटना में सीबीआई ने आयकर विभाग की एक महिला अधिकारी को रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया है. आयकर विभाग के Exemption कार्यालय में पदस्थापित अधिकारी सुनंदा कुमार पर एक NGO को टैक्स छूट से संबंधित प्रमाण पत्र दिलाने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है. शिकायत मिलने के बाद सीबीआई ने मामले का सत्यापन किया और फिर जाल बिछाकर कार्रवाई की.

NGO ने टैक्स छूट के लिए दिया था आवेदन

सहरसा जिले में संचालित ज्योति विवेकानंद संस्थान नामक NGO ने आयकर से छूट पाने के लिए आवेदन किया था. संस्था की अधिकृत प्रतिनिधि ज्योति मिश्रा टैक्स छूट से जुड़े प्रमाण पत्र के लिए आयकर विभाग के कार्यालय के संपर्क में थीं. आयकर कानून के तहत निर्धारित शर्तें पूरी करने वाले ट्रस्ट और स्वयंसेवी संस्थानों को टैक्स संबंधी छूट मिल सकती है. इसके लिए जरूरी पंजीकरण और मंजूरी की प्रक्रिया पूरी करनी होती है.

दस्तावेज की कमियां दूर करने के बदले रिश्वत का आरोप

आरोप है कि आवेदन और दस्तावेजों में बताई गई कमियों को दूर करने तथा टैक्स छूट से संबंधित प्रमाण पत्र जारी कराने के एवज में आयकर अधिकारी सुनंदा कुमार ने रिश्वत की मांग की. शिकायत के मुताबिक, शुरुआत में अधिकारी ने अपने लिए 75 हजार रुपये और एक अधीनस्थ कर्मचारी के लिए 10 हजार रुपये मांगे थे. इसके बाद बातचीत में कथित रिश्वत की रकम घटाकर अधिकारी के लिए 40 हजार रुपये और कर्मचारी के लिए पांच हजार रुपये तय हुई. पहली किस्त के तौर पर अधिकारी को 15 हजार रुपये और कर्मचारी को ढाई हजार रुपये देने की बात तय होने का आरोप है.

शिकायत के बाद CBI ने बिछाया जाल

रिश्वत मांगे जाने के बाद ज्योति मिश्रा ने सीबीआई से शिकायत की. शिकायत का सत्यापन करने के बाद जांच एजेंसी ने आरोपियों को पकड़ने के लिए योजना तैयार की. इसके बाद सीबीआई ने कार्रवाई करते हुए सुनंदा कुमार को कथित तौर पर 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते पकड़ा. उनके अधीनस्थ कर्मचारी को भी ढाई हजार रुपये लेते हुए गिरफ्तार किए जाने की बात सामने आई. मामले में सीबीआई ने आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू की.