Bihar STET 2026: कल से शुरू होगी परीक्षा, जूते पहनकर पहुंचे तो नहीं मिलेगी एंट्री, जानें पूरी गाइडलाइन

बिहार स्कूल परीक्षा बोर्ड की तरफ से आयोजित होने वाली माध्यमिक शिक्षक पात्रता रविवार 25 अक्टूबर से शुरू होने जा रही है. परीक्षा 21 नवंबर तक होगी.

Bihar STET 2026: कल से शुरू होगी परीक्षा, जूते पहनकर पहुंचे तो नहीं मिलेगी एंट्री, जानें पूरी गाइडलाइन

पटना: बिहार स्कूल परीक्षा बोर्ड की तरफ से आयोजित होने वाली माध्यमिक शिक्षक पात्रता रविवार 25 अक्टूबर से शुरू होने जा रही है. परीक्षा 21 नवंबर तक होगी. परीक्षा के दौरान किसी भी तरह की गड़बड़ी को रोकने के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. इसके साथ ही परीक्षा से पहले बोर्ड ने अभ्यर्थियों के लिए कई गाइडलाइंस जारी की है जिसका अनुपालन अनिवार्य है. बोर्ड ने अभ्यर्थियों को एक बार फिर से जानकारी दी है कि परीक्षा कंप्यूटर आधारित होगी. परीक्षा के लिए बोर्ड ने अभ्यर्थियों के लिए ड्रेस कोड भी जारी किया है और अनुमति सिर्फ उसी ड्रेस कोड में आए अभ्यर्थियों को दिया जाएगा. इसके साथ ही बोर्ड ने परीक्षा की टाइमिंग का भी खास ख्याल रखने की सलाह दी है.

कंप्यूटर आवंटित करेगा प्रश्न पत्र

बिहार माध्यमिक शिक्षक पात्रता परीक्षा (एसटीईटी परीक्षा) रविवार से शुरू होगी. परीक्षा पूरी तरह से कंप्यूटर आधारित होगी. परीक्षा में अभ्यर्थियों को प्रश्न पत्र भी कंप्यूटर के द्वारा ही आवंटित की जाएगी जबकि परीक्षा केंद्र की मॉनिटरिंग सीसीटीवी से की जाएगी. इसके साथ ही किसी भी वायरलेस डिवाइस के प्रयोग को रोकने के लिए जैमर लगाया जाएगा वहीं पर्याप्त संख्या में सुरक्षा बलों के अलावा स्टेटिक मजिस्ट्रेट और सशस्त्र पुलिस बल की तैनाती भी की जाएगी.

जूता पहन कर आने पर केंद्र में नहीं मिलेगा प्रवेश

एसटीईटी परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को ड्रेस कोड का विशेष ध्यान रखना होगा. जारी निर्देशों के मुताबिक, परीक्षा केंद्र में जूते-मोजे पहनकर प्रवेश की अनुमति नहीं होगी. अभ्यर्थियों को चप्पल या स्लिपर पहनकर जाने की सलाह दी गई है. महिला अभ्यर्थियों को मेहंदी और नेल पॉलिश लगाने से बचने के निर्देश दिए गए हैं। हाथों पर रंग या टैटू होने की स्थिति में भी परेशानी हो सकती है. इन पाबंदियों का संबंध बायोमेट्रिक उपस्थिति और फिंगरप्रिंट सत्यापन की प्रक्रिया से बताया गया है. परीक्षा पर जाने से पहले अभ्यर्थी अपने प्रवेश पत्र और आधिकारिक निर्देशों को ध्यान से पढ़ लें.

समय का रखें खास ख्याल

एसटीईटी की ऑनलाइन परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी। पहली पाली की परीक्षा सुबह 9 बजे से शुरू होगी. इसके लिए अभ्यर्थियों को सुबह 7:30 बजे से 8:30 बजे तक प्रवेश दिया जाएगा. दूसरी पाली दोपहर 2 बजे से शाम 4:30 बजे तक होगी. इस पाली के अभ्यर्थियों के लिए प्रवेश का समय दोपहर 12:30 बजे से 1:30 बजे तक निर्धारित किया गया है. निर्धारित समय के बाद गेट बंद होने पर प्रवेश नहीं मिल सकेगा. इसलिए अभ्यर्थी परीक्षा केंद्र की दूरी और यातायात को ध्यान में रखते हुए समय से पहले पहुंचें.

4 नवंबर की परीक्षा 21 नवंबर को 

STET परीक्षा की तारीखों में भी बदलाव किया गया है. 4 नवंबर को होने वाली परीक्षा अब 21 नवंबर को आयोजित की जाएगी. बाकी परीक्षाओं का कार्यक्रम पहले से निर्धारित शेड्यूल के अनुसार रहने की जानकारी दी गई है. जिन अभ्यर्थियों की परीक्षा 4 नवंबर को निर्धारित थी, उन्हें संशोधित तारीख के अनुसार अपनी तैयारी और यात्रा की योजना बनानी चाहिए. परीक्षा से पहले एडमिट कार्ड पर दर्ज तारीख, पाली और केंद्र की जानकारी दोबारा जांचना जरूरी है.

परीक्षा केंद्र पर जाने से पहले इन चीजों का रखें ध्यान

  • बोर्ड द्वारा जारी एडमिट कार्ड अवश्य रखें
  • अपनी एक पहचान पत्र अवश्य रखें
  • निर्धारित रिपोर्टिंग समय के अंदर परीक्षा केंद्र पर पहुंचना सुनिश्चित करें
  • निर्धारित ड्रेस कोड के अलावा अन्य कोई वस्त्र धारण न करें
  • हाथों में नेल पॉलिश या कोई रंग न लगाएं
  • परीक्षा केंद्र पर दिए जाने वाले निर्देशों का पालन करें