बिहार में युवाओं को नौकरी का बड़ा मौका, सरकार इन जिलों में आयोजित कर रही रोजगार मेला
बिहार के 9 जिलों में लगेगा रोजगार मेला, युवाओं को निजी कंपनियों में नौकरी पाने का मौका. 2 से 6 नवंबर तक जिला स्तरीय रोजगार मेले का होगा आयोजन, तकनीकी और गैर- तकनीकी योग्यता वाले अभ्यर्थियों को मिलेगा मौका
पटना: युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग एवं नियोजन एवं प्रशिक्षण निदेशालय की संयुक्त पहल पर नियोजन- सह- व्यावसायिक मार्गदर्शन मेला- 2026 का आयोजन राज्य के नौ जिलों में आयोजित करने के लिए सभी तरह की आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई है. बिहार के तकनीकी एवं गैर-तकनीकी योग्यता रखने वाले युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राज्य के विभिन्न जिलों में नियोजन सह व्यावसायिक मार्गदर्शन मेला- 2026 का आयोजन किया जाएगा. नियोजन एवं प्रशिक्षण निदेशालय की पहल पर आगामी 2 से 6 नवंबर तक नौ जिलों में जिला स्तरीय रोजगार मेले में विभिन्न शैक्षणिक एवं तकनीकी योग्यताएं रखने वाले अभ्यर्थियों को निजी क्षेत्र की कंपनियों में रोजगार पाने का अवसर मिलेगा.
नियोजन मेले का समय सुबह साढ़े 10 बजे से शाम 4 बजे तक निर्धारित है. इसमें भाग लेने के लिए अभ्यर्थियों को विभाग के पोर्टल https://detjob.bihar.gov.in पर निबंधन कराना अनिवार्य होगा. आयोजन स्थल पर भी निबंधन की सुविधा उपलब्ध रहेगी. मेले में भाग लेने वाले नियोजकों का भी उक्त पोर्टल पर पंजीकरण आवश्यक है. विभाग ने अभ्यर्थियों से निर्धारित तिथि पर आवश्यक शैक्षणिक एवं अन्य दस्तावेजों के साथ मेले में शामिल होने की अपील की है. नियोजन मेले से संबंधित जानकारी टोल फ्री नंबर- 18002965656 पर प्राप्त की जा सकती है.
इस दिन यहां नियोजन मेला का प्रस्ताव
- 02 नवंबर को बक्सर और गोपालगंज
- 03 नवंबर को जहानाबाद और सारण (छपरा)
- 04 नवंबर को सीवान और कैमूर (भभुआ)
- 05 नवंबर को नालंदा
- 06 नवंबर को अररिया एवं पटना