पटना (PATNA): बिहार पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा(BPSC) को लेकर पूर्व मध्य रेलवे (ECR) ने परीक्षार्थियों के लिए खुशखबरी निकल कर सामने आई है. स्टूडेंट्स की सुविधा के लिए 16 परीक्षा स्पेशल ट्रेनों के संचालन की घोषणा की है. रेलवे मुख्यालय हाजीपुर के आदेश के अनुसार इन ट्रेनों का परिचालन 23 जून की शाम यानी आज से शुरू होगा, ताकि अभ्यर्थी समय पर अपने परीक्षा केंद्रों तक पहुंच सकें. प्रमुख ट्रेनों में पाटलिपुत्र–सहरसा (03201), दानापुर–अररिया कोर्ट (03205) और पाटलिपुत्र–पूर्णिया कोर्ट (03213) शामिल हैं. इसके अलावा पटना, गया, नवगछिया, भभुआ रोड, बक्सर, नवादा और किऊल से विभिन्न रूटों पर भी विशेष ट्रेनें चलाई जा रही हैं. रेलवे का उद्देश्य नियमित ट्रेनों पर अतिरिक्त दबाव कम करना और लाखों अभ्यर्थियों को सुगम यात्रा सुविधा उपलब्ध कराना है.
हालांकि इस घोषणा से सीमांचल के पूर्णिया और अररिया जिलों को सीधा लाभ मिला है, लेकिन किशनगंज जिला एक बार फिर उपेक्षित रह गया. किशनगंज, ठाकुरगंज, गलगलिया, तैयबपुर और पौआखाली जैसे इलाकों के अभ्यर्थियों के लिए कोई परीक्षा स्पेशल ट्रेन नहीं चलाई गई है. हर वर्ष बड़ी संख्या में युवा पुलिस और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल होते हैं, इसलिए स्थानीय लोगों को उम्मीद थी कि कम से कम कटिहार–किशनगंज रेलखंड पर मेमू या डेमू स्पेशल ट्रेन की व्यवस्था की जाएगी. अंतिम सूची में जिले का नाम नहीं होने से छात्रों और अभिभावकों में निराशा है.
इसके साथ ही सीधी ट्रेन नहीं मिलने के कारण अब किशनगंज के परीक्षार्थियों को पहले कटिहार, पूर्णिया या अररिया कोर्ट तक बस या अन्य साधनों से पहुंचना होगा और फिर वहां से स्पेशल ट्रेन पकड़नी होगी. इससे नियमित ट्रेनों में भारी भीड़ बढ़ने की आशंका है, जिससे आम यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है. हालांकि पूर्व मध्य रेलवे ने संकेत दिया है कि यदि किसी रूट पर अभ्यर्थियों की संख्या अधिक होती है तो संबंधित रेल मंडल अतिरिक्त परीक्षा स्पेशल ट्रेनें चला सकता है. साथ ही रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और जीआरपी (GRP) को स्टेशनों पर सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के विशेष निर्देश दिए गए हैं. अब किशनगंज के हजारों अभ्यर्थियों की उम्मीदें कटिहार रेल मंडल द्वारा अंतिम समय में अतिरिक्त ट्रेन चलाने के फैसले पर टिकी हैं.

