एमएलसी चुनाव को लेकर आज शाम थम जाएगा चुनाव प्रचार, 8 सीट पर 164 उम्मीदवार आजमा रहे अपनी किस्मत

बिहार विधान परिषद चुनाव को लेकर आज शाम 5 बजे से चुनाव प्रचार थम जाएगा. कुल 8 सीटों पर 164 उम्मीदवार मैदान में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं

एमएलसी चुनाव को लेकर आज शाम थम जाएगा चुनाव प्रचार, 8 सीट पर 164 उम्मीदवार आजमा रहे अपनी किस्मत

पटना: बिहार विधान परिषद चुनाव को लेकर सभी राजनीतिक दलों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है. मतदान 23 अक्टूबर को होना है ऐसे में अब चुनाव प्रचार आज खत्म हो जाएगा. बिहार 4 स्नातक और 4 शिक्षक निर्वाचन सीट पर मतदान के लिए ताबड़तोड़ चुनाव प्रचार जारी था. चुनाव प्रचार के दौरान उम्मीदवारों के समर्थन में कहीं सभा आयोजित की जा रही थी तो कही नेता एक एक लोगों से मुलाकात कर रहे थे. बुधवार शाम 5 बजे के बाद चुनाव प्रचार थम जाएगा जिसके बाद उम्मीदवार और उनके समर्थक लोगों के दरवाजे पर जा कर अपने पक्ष में वोटिंग के लिए मनाने की कोशिश कर सकते हैं. 23 अक्टूबर को वोट डाले जायेंगे. जबकि मतगणना 27 अक्टूबर को होगा.

8 सीट, 164 उम्मीदवार

बिहार विधान परिषद चुनाव में कुल 8 सीटों पर चुनाव होना है जिसमें चार सीट स्नातक क्षेत्र से तो 4 सीट शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र का है. इन 8 सीटों पर कुल 164 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिसमें शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के 66 तो स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के 98 उम्मीदवार हैं. एनडीए की ओर से 4 जेडीयू और 4 बीजेपी के उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं. आरजेडी ने 6 सीटों पर प्रत्याशी उतारे हैं, जबकि जन सुराज ने सभी 8 सीटों पर उम्मीदवार उतारे हैं. इसके अलावा कांग्रेस और वाम दलों के उम्मीदवार भी चुनावी मैदान में हैं. कई सीटों पर एक ही गठबंधन के अलग-अलग दलों के प्रत्याशियों के बीच टक्कर देखने के लिए मिल सकती है.

पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र पर मुकाबला टाइट

पटना स्नातक सीट की बात करें तो, यहां जेडीयू से प्रत्याशी नीरज कुमार चुनावी मैदान में हैं. जन सुराज से अनुज सिंह, आरजेडी से दिलीप कुमार और कांग्रेस से असदुल्लाह खान के बीच मुकाबला होगा. इस सीट पर मुकाबला और भी दिलचस्प इस वजह से हो गया क्योंकि जेडीयू के विधायक अनंत सिंह जेडीयू के प्रत्याशी नीरज कुमार का समर्थन करने के बजाय जन सुराज के अनुज सिंह का कर रहे हैं. इतना ही नहीं, दोनों नेता एक-दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप भी लगा रहे हैं.