पटना (PATNA) : राजधानी पटना में राष्ट्रीय जनता दल कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने बंटी यादव हत्याकांड को लेकर सरकार और पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि बंटी यादव ने कथित सेक्स रैकेट के खिलाफ आवाज उठाई थी. जिसके बाद उनकी हत्या कर दी गई. इस घटना ने पूरे बिहार को झकझोर दिया है और मामले में पुलिस की गंभीर लापरवाही भी सामने आई है.
जल्द सभी आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन
तेजस्वी यादव ने कहा कि बंटी यादव के परिजनों से मुलाकात के दौरान उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दिया गया था. इसी क्रम में राजद नेताओं ने पुलिस महानिदेशक और संबंधित पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर मामले में त्वरित कार्रवाई की मांग की. उन्होंने बताया कि कुछ आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, लेकिन कई आरोपी अब भी फरार हैं. पुलिस अधिकारियों ने जल्द सभी आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है.
12वीं कक्षा तक की पढ़ाई का पूरा खर्च पार्टी उठाएगी
उन्होंने कहा कि बंटी यादव अपने परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे. उनकी मौत के बाद परिवार आर्थिक संकट से जूझ रहा है. इसे देखते हुए राष्ट्रीय जनता दल ने उनकी पत्नी को भरोसा दिलाया है कि उनके बेटे और बेटी की 12वीं कक्षा तक की पढ़ाई का पूरा खर्च पार्टी उठाएगी. साथ ही भविष्य में उच्च शिक्षा के लिए भी हरसंभव सहयोग दिया जाएगा.
5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता का चेक भी सौंपा गया
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बंटी यादव की पत्नी को राजद की ओर से 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता का चेक भी सौंपा गया. तेजस्वी यादव ने राज्य सरकार से मांग की कि बंटी यादव की पत्नी को सरकारी नौकरी दी जाए ताकि परिवार का भविष्य सुरक्षित हो सके.
राजद न्याय मिलने तक मजबूती से खड़ी रहेगी
उन्होंने यह भी कहा कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए. केवल अपराधियों ही नहीं, बल्कि यदि किसी पुलिसकर्मी ने मामले को दबाने या लापरवाही बरतने का प्रयास किया है तो उसके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई होनी चाहिए. तेजस्वी यादव ने कहा कि राजद पीड़ित परिवार के साथ न्याय मिलने तक मजबूती से खड़ी रहेगी.

