बड़ी खबर: बख्तियारपुर में भीषण अग्निकांड, सास-बहू और मासूम की जलकर मौत

बख्तियारपुर के पुरानी बाइपास इलाके में देर रात बाइक पार्ट्स और हार्डवेयर दुकान से जुड़े मकान में भीषण आग लग गई. हादसे में सास-बहू और 6 माह की बच्ची की जिंदा जलकर मौत हो गई.

बड़ी खबर: बख्तियारपुर में भीषण अग्निकांड, सास-बहू और मासूम की जलकर मौत

बख्तियारपुर(BAKHTIYARPUR): पटना जिले के बख्तियारपुर में देर रात एक दर्दनाक अग्निकांड में तीन लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई. मृतकों में दो महिलाएं और छह माह की मासूम बच्ची शामिल हैं. घटना पुरानी बाइपास इलाके की बताई जा रही है, जहां एक बाइक पार्ट्स और हार्डवेयर की दुकान से जुड़े मकान में अचानक भीषण आग लग गई. आग इतनी तेजी से फैली कि मकान के ऊपरी हिस्से में मौजूद लोगों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका. देखते ही देखते आग ने दुकान और मकान के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया. हादसे की सूचना मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए.

शुरुआती जानकारी के अनुसार, दुकान में हवन के दौरान आग लगने की बात सामने आ रही है. दुकान में मौजूद ज्वलनशील सामान और मोबिल ऑयल के कारण आग ने कुछ ही समय में विकराल रूप ले लिया. आग की लपटें इतनी तेज थीं कि मकान में मौजूद लोगों के लिए सुरक्षित बाहर निकलना मुश्किल हो गया. इसी दौरान एक दंपति ने किसी तरह छत से कूदकर अपनी जान बचाई. वहीं, ऊपर के कमरे में मौजूद दो महिलाओं और छह माह की बच्ची को बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका. घटना की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि आग ने देखते ही देखते पूरे हिस्से को घेर लिया और लोगों को बचाव कार्य में भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ा.

हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान रीमा देवी, गीता देवी और छह माह की सुंदरी कुमारी के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि मृतकों में सास-बहू और मासूम बच्ची शामिल हैं. इस दर्दनाक घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है, वहीं पूरे इलाके में मातम पसरा है. घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया. आग लगने के वास्तविक कारणों और नुकसान का आकलन किया जा रहा है. शुरुआती तौर पर हवन के दौरान आग लगने की बात कही जा रही है, हालांकि हादसे की पूरी वजह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी. इस घटना ने इलाके के लोगों को गहरे सदमे में डाल दिया है.