Breaking: तिरहुत शिक्षक निर्वाचन सीट पर मतगणना समाप्त, भाजपा ने किया कब्जा
बिहार विधान परिषद की सभी 8 सीटों पर मतगणना प्रक्रिया सुबह 8 बजे से जारी है. सभी मतगणना केंद्रों पर प्रत्याशी के समर्थक डटे हुए हैं वहीं उम्मीदवारों के दिल की धड़कन काफी तेज है.
मुजफ्फरपुर: बिहार विधान परिषद की सभी 8 सीटों पर मतगणना प्रक्रिया सुबह 8 बजे से जारी है. सभी मतगणना केंद्रों पर प्रत्याशी के समर्थक डटे हुए हैं वहीं उम्मीदवारों के दिल की धड़कन काफी तेज है. इस बीच मुजफ्फरपुर से बड़ी खबर सामने आ रही है. सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र पर मतगणना का कार्य पूर्ण कर लिया गया है जहां से भाजपा उम्मीदवार ने जीत हासिल की है. हालांकि अभी चुनाव आयोग ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है, लेकिन बताया जा रहा है कि घोषणा की तैयारी अंतिम चरण में है.
बताया जा रहा है कि भाजपा उम्मीदवार नरेंद्र प्रसाद सिंह ने निकटतम उम्मीदवार भूषण झा को 594 वोट से पीछे छोड़ जीत हासिल कर ली है. वोटो का अंतर स्पष्ट होने के बाद से एनडीए खेमे में खुशी की लहर है और कार्यकर्ताओं ने प्रत्याशी को बधाई देना शुरू कर दिया है. जानकारी के अनुसार तिरहुत शिक्षक निर्वाचन सीट पर काफी टक्कर का मुकाबला रहा लेकिन अंत ने नरेंद्र प्रसाद सिंह ने बाजी मार ली. मतगणना केंद्र पर गिनती पूरी होने के साथ ही परिणाम की तस्वीर बिल्कुल साफ हो चुकी है. जिला प्रशासन और चुनाव अधिकारियों द्वारा मतों के आधिकारिक आंकड़ों का मिलान और कागजी प्रक्रिया पूरी की जा रही है, जिसके बाद जीत का आधिकारिक प्रमाण पत्र जारी किया जाएगा.
नरेंद्र प्रसाद सिंह की 594 वोटों से इस ऐतिहासिक जीत की खबर आते ही तिरहुत क्षेत्र के समर्थकों और एनडीए कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है. मतगणना केंद्र के बाहर समर्थकों ने एक-दूसरे को बधाई देना और मिठाइयां बांटना शुरू कर दिया है.