पटना में खुलेआम छात्राओं से छेड़छाड़, लाइब्रेरी से घर लौट रही बच्चियों से मनचलों ने की बदसलूकी 

पटना के दानापुर में लाइब्रेरी से घर लौट रही दो छात्राओं से छेड़छाड़, गाली-गलौज और मारपीट का मामला सामने आया है. बाइक सवार तीन युवकों पर आरोप है. पुलिस ने शिकायत दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है.

पटना में खुलेआम छात्राओं से छेड़छाड़, लाइब्रेरी से घर लौट रही बच्चियों से मनचलों ने की बदसलूकी

पटना(PATNA):बिहार के सीएम सम्राट चौधरी रोजाना बिहार की बेटियों की शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षा को लेकर नए कदम उठा रहे हैं, ताकि बिहार की बेटियां बेफिक्र होकर अपनी पढ़ाई-लिखाई कर सकें और पढ़-लिखकर आत्मनिर्भर बन सकें. लेकिन राजधानी पटना से एक ऐसी खबर सामने आई है जिसने लोगों को हेयरन रख कर दिया है जहां लाइब्रेरी से पढ़ाई कर अपने घर जा रही दो छात्राओं के साथ कुछ मनचलों ने छेड़खानी और मारपीट की.

पूरा मामला दानापुर के शाहपुर थाना क्षेत्र का है.जहां लाइब्रेरी से घर लौट रही दो छात्राओं के साथ मारपीट और बदसलूकी की गई है. आरोप है कि बाइक सवार तीन युवकों ने रास्ते में छात्राओं को रोकने की कोशिश की. छात्राओं के मुताबिक, विरोध करने पर युवकों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और एक छात्रा के साथ मारपीट की गई. अपनी सहेली को बचाने पहुंची दूसरी छात्रा के साथ भी मारपीट और दुर्व्यवहार किए जाने का आरोप है.

पुलिस के आने से पहले ही फरार हो गए मनचले

घटना के बाद दोनों छात्राओं ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन इससे पहले ही तीनों आरोपी वहां से फरार हो गए. इसके बाद पीड़िता ने शाहपुर थाने में तीनों युवकों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई. शिकायत में छात्राओं ने युवकों पर रास्ते में रोकने की कोशिश करने, गाली-गलौज, मारपीट और बदसलूकी करने का आरोप लगाया है.शिकायत मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों की जानकारी जुटा रही है. साथ ही घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जानकारी ली जा रही है.

पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है

 पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है. घटना के बाद छात्राओं और उनके परिजनों में नाराजगी है. पुलिस आसपास के इलाकों में भी जानकारी जुटा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द पकड़ा जा सके. पुलिस ने मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है.