छात्रों के आंदोलन के बीच शिक्षा मंत्री का बड़ा ऐलान, BPSC TRE-4 की वैकेंसी कभी भी हो सकती है जारी

छात्रों के आंदोलन के बीच शिक्षा मंत्री का बड़ा ऐलान, BPSC TRE-4 की वैकेंसी कभी भी हो सकती है जारी

पटना (PATNA): बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने राजभवन पहुंचकर राज्यपाल से मुलाकात की.मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत में शिक्षा मंत्री ने बताया कि राज्यपाल के साथ शिक्षा विभाग से जुड़े कई महत्वपूर्ण मामलों पर चर्चा हुई है. इस दौरान BPSC TRE-4 शिक्षक भर्ती को लेकर पूछे गए सवाल पर मिथिलेश तिवारी ने कहा कि TRE-4 की वैकेंसी किसी भी समय आ सकती है. शिक्षा विभाग की ओर से इससे जुड़ी पूरी प्रक्रिया कर दी गई है और अब बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) बहुत जल्द अभ्यर्थियों से आवेदन आमंत्रित कर सकता है.

सरकार समस्याओं के समाधान के लिए लगातार काम कर रही है

छात्रों के आंदोलन पर शिक्षा मंत्री ने कहा कि छात्रों को किसी के बहकावे में आने के बजाय अपनी पढ़ाई और परीक्षा की तैयारी पर ध्यान देना चाहिए. उन्होंने कहा कि छात्रों के लिए बेहतर यही होगा कि वे अपने घर जाएं और अपनी तैयारी करें.सरकार छात्रों की समस्याओं और शिकायतों के समाधान के लिए लगातार काम कर रही है. मंत्री ने कहा कि बिहार सरकार ने छात्रों को कई सुविधाएं दी हैं. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने छात्रों की शिकायतों के समाधान के लिए अलग से सहयोग पोर्टल भी शुरू किया है. जिन छात्रों को किसी तरह की शिकायत है, वे इस पोर्टल के माध्यम से अपनी समस्या दर्ज करा सकते हैं.

तेजस्वी यादव के राजभवन मार्च से जुड़े सवाल पर निशाना साधा

वहीं, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के राजभवन मार्च से जुड़े सवाल पर शिक्षा मंत्री ने उन पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव की तस्वीर बहुत दिनों से अखबार में नहीं आई है, इसलिए वह राजभवन मार्च करने की बात कर रहे हैं.मिथिलेश तिवारी ने कहा कि जो बातें सदन के अंदर उठानी चाहिए, उन्हें वहां उठाया जाना चाहिए. उन्होंने आरोप लगाया कि सदन चलने के दौरान तेजस्वी यादव अक्सर मौजूद नहीं रहते हैं.शिक्षा मंत्री ने कहा कि बिहार की जनता अच्छी तरह जानती है कि कौन किस तरह की राजनीति कर रहा है.