पटना (PATNA) : राजधानी पटना में शराब तस्करी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. शराबबंदी लागू होने के बावजूद तस्कर पुलिस की नजरों से बचने के लिए नए-नए तरीके अपना रहे हैं. इस बार एक तस्कर ने अपने पूरे शरीर पर शराब के पैकेट बांधकर पटना तक पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन पुलिस की सतर्कता के कारण उसकी योजना सफल नहीं हो सकी.
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुधांशु के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, वह ट्रेन से शराब लेकर पटना पहुंचा था. स्टेशन से बाहर निकलने के बाद उसने आगे जाने के लिए एक कैब बुक की थी. इसी दौरान कोतवाली थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि एक व्यक्ति शराब की खेप लेकर शहर में प्रवेश करने वाला है.
पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए
सूचना मिलते ही पुलिस ने पटना जंक्शन गोलंबर के पास जांच अभियान चलाया. जैसे ही संदिग्ध युवक वहां पहुंचा, पुलिस ने उसे रोककर तलाशी ली. तलाशी के दौरान पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए. आरोपी ने अपने शरीर के अलग-अलग हिस्सों में शराब के कई पैकेट कपड़ों के अंदर बांध रखे थे ताकि किसी को शक न हो और वह आसानी से पुलिस जांच से बच जाए.
पुलिस ने मौके पर ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और उसके पास से बरामद शराब को जब्त कर लिया. पूछताछ में पता चला कि वह ट्रेन के जरिए शराब लेकर आया था और कैब से शहर के अलग-अलग इलाकों में उसकी सप्लाई करने की तैयारी में था.
गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई
एएसपी टाउन सह कोतवाली एसडीपीओ कृष्ण मुरारी प्रसाद ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई. पुलिस की सतर्कता के कारण तस्कर अपने मंसूबों में सफल नहीं हो सका. फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह किसके कहने पर शराब लेकर आया था और इस तस्करी के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं.
कोतवाली थाना पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है. अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के आधार पर आगे भी कार्रवाई की जाएगी और इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा.

