पटना (PATNA) : भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के पावर स्टार और भारतीय जनता पार्टी से बिहार विधान परिषद के सदस्य पवन सिंह मानसून सत्र के अंतिम दिन बिहार विधान परिषद पहुंचे. उनके सदन पहुंचने की खबर मिलते ही परिसर में मौजूद मीडिया कर्मियों और समर्थकों के बीच हलचल तेज हो गई.
विधान परिषद के सभापति से शिष्टाचार मुलाकात की
विधान परिषद पहुंचने के बाद पवन सिंह ने सबसे पहले बिहार विधान परिषद के सभापति से शिष्टाचार मुलाकात की. इस दौरान भाजपा और जदयू के कई नेता और विधान परिषद के सदस्य भी वहां मौजूद रहे. मुलाकात के दौरान सामान्य राजनीतिक और सदन से जुड़े विषयों पर बातचीत होने की चर्चा रही, हालांकि इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई.
पवन सिंह की मौजूदगी को लेकर राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा
सदन के अंतिम दिन पवन सिंह की मौजूदगी को लेकर राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा रही. गौरतलब है कि पवन सिंह भोजपुरी सिनेमा के लोकप्रिय कलाकार होने के साथ-साथ भाजपा के विधान परिषद सदस्य भी हैं. ऐसे में उनके सदन पहुंचने पर मीडिया की विशेष नजर बनी हुई थी.
बैठक समाप्त होने के बाद जैसे ही पवन सिंह विधान परिषद परिसर से बाहर निकले, पत्रकारों ने उनसे विभिन्न राजनीतिक और समसामयिक मुद्दों पर प्रतिक्रिया लेने की कोशिश की. हालांकि उन्होंने किसी भी सवाल का जवाब नहीं दिया. इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था काफी सख्त दिखाई दी.
पवन सिंह बिना कोई बयान दिए रवाना हो गए
पवन सिंह के बाहर निकलते ही सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें घेरे में लेकर आगे बढ़ाया और मीडिया कर्मियों को दूरी बनाए रखने के लिए कहा. कुछ देर के लिए वहां हल्की अफरा-तफरी जैसी स्थिति भी देखने को मिली. पत्रकार लगातार प्रतिक्रिया लेने का प्रयास करते रहे लेकिन पवन सिंह बिना कोई बयान दिए अपनी गाड़ी की ओर बढ़ गए और वहां से रवाना हो गए.
राजनीतिक हलकों में अलग-अलग तरह की चर्चाएं
इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है. जिसमें साफ देखा जा सकता है कि पत्रकारों के सवालों के बीच सुरक्षाकर्मी व्यवस्था संभालते नजर आ रहे हैं. जबकि पवन सिंह बिना किसी प्रतिक्रिया के परिसर से निकल जाते हैं. उनके इस दौरे और मीडिया से दूरी बनाए रखने को लेकर अब राजनीतिक हलकों में अलग-अलग तरह की चर्चाएं हो रही हैं.

