बीजेपी MLC देवेश कुमार ने दिया इस्तीफा, मंत्री दीपक प्रकाश के लिए खाली हुई विधान परिषद सीट

बीजेपी MLC देवेश कुमार ने दिया इस्तीफा, मंत्री दीपक प्रकाश के लिए खाली हुई विधान परिषद सीट

पटना (PATNA) : बिहार की राजनीति में एक बड़ा घटनाक्रम सामने आया. भारतीय जनता पार्टी के विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) देवेश कुमार ने अपनी सदस्यता से इस्तीफा दे दिया. उन्होंने अपना इस्तीफा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी के माध्यम से विधान परिषद के सभापति को सौंपा. इस दौरान देवेश कुमार स्वयं भी मौजूद रहे.

देवेश कुमार राज्यपाल कोटे से 17 मार्च 2021 को विधान परिषद के लिए मनोनीत हुए थे. उनका कार्यकाल 17 मार्च 2027 तक था. लेकिन उन्होंने कार्यकाल पूरा होने से पहले ही इस्तीफा दे दिया.

किसी भी सदन के सदस्य नहीं हैं

सूत्रों के अनुसार, देवेश कुमार के इस्तीफे से खाली हुई सीट पर बिहार सरकार के पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश को विधान परिषद भेजने की तैयारी है. दीपक प्रकाश वर्तमान में मंत्री हैं लेकिन अभी तक वह विधानसभा या विधान परिषद, किसी भी सदन के सदस्य नहीं हैं.

संवैधानिक स्थिति बन गई थी

भारतीय संविधान के अनुसार, किसी भी व्यक्ति को मंत्री बनने के छह महीने के भीतर विधानसभा या विधान परिषद का सदस्य बनना आवश्यक होता है. यदि ऐसा नहीं होता है तो उसे मंत्री पद छोड़ना पड़ता है. इसी कारण दीपक प्रकाश के मंत्री पद को लेकर संवैधानिक स्थिति बन गई थी.

इस मामले को लेकर अदालत में भी याचिका दायर की गई थी. कोर्ट ने राज्य सरकार से इस विषय पर जवाब भी मांगा था. इसके बाद सरकार और भाजपा ने समाधान निकालते हुए देवेश कुमार से इस्तीफा दिलवाया ताकि विधान परिषद की सीट खाली हो सके और दीपक प्रकाश को वहां से निर्वाचित कराया जा सके.

महत्वपूर्ण रणनीतिक फैसला

अब माना जा रहा है कि भाजपा जल्द ही दीपक प्रकाश को इस सीट से विधान परिषद भेजेगी. इसके बाद उनका मंत्री पद भी संवैधानिक रूप से सुरक्षित हो जाएगा. इस घटनाक्रम को बिहार की राजनीति में महत्वपूर्ण रणनीतिक फैसला माना जा रहा है, क्योंकि इससे सरकार ने संभावित संवैधानिक संकट को टालने का रास्ता निकाल लिया है.