बांकीपुर हार पर भाजपा की मंथन बैठक,सीएम सम्राट चौधरी ने संगठन मजबूत करने का दिया संदेश

बांकीपुर हार पर भाजपा की मंथन बैठक,सीएम सम्राट चौधरी ने संगठन मजबूत करने का दिया संदेश

पटना (PATNA) : भारतीय जनता पार्टी के पटना स्थित प्रदेश कार्यालय में पार्टी की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक में बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी समेत कई वरिष्ठ नेता, मंत्री और विधायक मौजूद रहे. बैठक में हाल ही में हुए बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में भाजपा की हार की समीक्षा की गई. साथ ही संगठन को और मजबूत बनाने तथा आगामी कार्यक्रमों की रणनीति पर भी चर्चा हुई.

विकास कार्यों को आगे बढ़ाना पार्टी की प्राथमिकता

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि बांकीपुर में जिस तरह कार्यकर्ता पहले जनता के बीच सक्रिय रहकर काम करते रहे हैं उसी तरह आगे भी पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ काम जारी रखें. उन्होंने कहा कि जनता के बीच लगातार संपर्क बनाए रखना और विकास कार्यों को आगे बढ़ाना पार्टी की प्राथमिकता है.

आगे बेहतर रणनीति के साथ काम करेगी

बैठक के बाद बिहार सरकार के मंत्री रामकृपाल यादव ने कहा कि कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई है. बांकीपुर उपचुनाव में मिली हार पर भी विस्तार से समीक्षा की गई है. उन्होंने कहा कि पार्टी हार के कारणों का विश्लेषण कर रही है और आगे बेहतर रणनीति के साथ काम करेगी.

जनता का विश्वास फिर से जीतने पर जोर

भाजपा विधायक मनोज शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री ने सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को स्पष्ट निर्देश दिया है कि जनता का जो फैसला आया है, उसे स्वीकार करते हुए क्षेत्र में लगातार काम करते रहना है. संगठन को मजबूत बनाने और जनता का विश्वास फिर से जीतने पर जोर दिया गया है.

पहले की तरह लगातार काम करती रहेगी

पटना सिटी से भाजपा विधायक रत्नेश कुशवाहा ने कहा कि बैठक में कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों पर चर्चा हुई. साथ ही बांकीपुर उपचुनाव को लेकर भी गंभीर विचार-विमर्श किया गया. उन्होंने कहा कि भाजपा बांकीपुर के विकास के लिए पहले की तरह लगातार काम करती रहेगी.

बांकीपुर जनता की सेवा निरंतर जारी रहेगी

वहीं, भाजपा विधायक संजीव चौरसिया ने कहा कि हाल ही में संपन्न हुए बांकीपुर उपचुनाव में पार्टी को हार मिली है, इसलिए उस विषय पर चर्चा स्वाभाविक थी. उन्होंने कहा कि पार्टी ने निर्णय लिया है कि बांकीपुर की जनता की सेवा पहले की तरह निरंतर जारी रहेगी और संगठन को और मजबूत किया जाएगा.