टीएनपी डेस्क (TNP DESK): नीट पेपर लीक मामले को लेकर देशभर में चल रहे छात्र आंदोलन का शनिवार को बड़ा असर देखने को मिला. पिछले 26 दिनों से छात्र नीट परीक्षा में पारदर्शिता और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे.शनिवार को जब शिक्षा मंत्री ने अपने पद से इस्तीफा दिया तो आंदोलन कर रहे छात्रों ने इसे अपनी बड़ी जीत बताया.लेकिन अगर बात बिहार की करें तो यहां पिछले तीन दिनों में नीट आंदोलन ने कई अलग-अलग रंग दिखाए. बिहार में शुरू हुआ यह प्रदर्शन कभी शांतिपूर्ण नजर आया तो कभी सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो की वजह से चर्चा का केंद्र बन गया.
नीट पेपर लीक के विरोध में 22 जुलाई से बिहार के अलग-अलग जिलों में छात्रों ने प्रदर्शन शुरू किया. छात्र सड़कों पर उतरे और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर नारेबाजी की. शुरुआत में यह आंदोलन शांतिपूर्ण रहा, लेकिन धीरे-धीरे प्रदर्शन का रूप बदलता गया. दिल्ली के जंतर-मंतर पर जहां छात्र लगातार धरना दे रहे थे, वहां से आंदोलन की गंभीर तस्वीरें सामने आ रही थी. लेकिन बिहार पहुंचते ही प्रदर्शन का अंदाज कुछ अलग नजर आया.बिहार में प्रदर्शन के दौरान कई ऐसे वीडियो सामने आए, जिन्हें देखकर लोग हैरान भी हुए और सोशल मीडिया पर उनकी खूब चर्चा भी हुई. एक वीडियो में पुलिस के जवान तैनात नजर आ रहे थे, तभी एक छात्र पुलिस से मजाकिया अंदाज में पूछता है कि आंसू गैस के गोले का इंतजाम नहीं है क्या? यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ.
वहीं, जब पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हटाने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया तो कुछ छात्र वहां से भागने की बजाय पानी में नाचते नजर आए.भोजपुरी गानों पर रेन डांस करते छात्रों का वीडियो भी खूब वायरल हुआ और लोगों ने इसे लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दी. इसके अलावा एक अन्य वीडियो में कुछ छात्र भागते हुए नजर आए इन वीडियो ने बिहार के प्रदर्शन को एक अलग पहचान दे दी.हालांकि, इन घटनाओं के बीच यह साफ रहा कि शुरुआती दौर में छात्रों का प्रदर्शन ज्यादा उग्र नहीं था और सोशल मीडिया पर लोग इसे अलग-अलग नजरिए से देख रहे थे.लेकिन जब प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस की कार्रवाई हुई और लाठीचार्ज किया गया तो माहौल बदल गया.छात्रों में आक्रोश बढ़ गया और उन्होंने बिहार बंद का ऐलान कर दिया.
25 जुलाई को बिहार बंद के दौरान राज्य के कई जिलों में प्रदर्शन का उग्र रूप देखने को मिला. पटना में प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच टकराव हुआ.कुछ जगहों पर छात्रों की ओर से पत्थरबाजी की गई, जिसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज किया. पटना के अलावा सीवान और सीतामढ़ी में भी प्रदर्शन का असर देखने को मिला, जहां पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तनाव की स्थिति बनी रही.कुल मिलाकर बिहार में नीट आंदोलन के तीन दिनों में कई अलग-अलग तस्वीरें देखने को मिली.शुरुआत में जहां छात्र अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से सड़कों पर उतरे थे, वहीं सोशल मीडिया पर वायरल हुए मजेदार वीडियो ने इसे चर्चा का विषय बना दिया.लेकिन लाठीचार्ज और पुलिस कार्रवाई के बाद आंदोलन ने आक्रामक रूप ले लिया.अब देखना होगा कि नीट पेपर लीक मामले को लेकर छात्रों की मांगों पर सरकार आगे क्या कदम उठाती है और बिहार में यह आंदोलन किस दिशा में जाता है

