बिहार के जूनियर बॉल बैडमिंटन खिलाड़ियों ने जीता कांस्य पदक, उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने की सराहना

बिहार के जूनियर बॉल बैडमिंटन खिलाड़ियों ने जीता कांस्य पदक, उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने की सराहना

पटना(PATNA):बिहार के उप मुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव से आज जूनियर राष्ट्रीय बॉल बैडमिंटन चैंपियनशिप में बिहार का गौरव बढ़ाने वाले 5 होनहार जूनियर राज्य स्तरीय खिलाड़ियों ने शिष्टाचार मुलाकात की. गौरतलब है कि इसी वर्ष मई माह में बेंगलुरु (कर्नाटक) में आयोजित “जूनियर नेशनल बॉल बैडमिंटन चैंपियनशिप 2026” में बिहार की इस टीम ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए देश भर की मजबूत टीमों को शिकस्त दी और प्रतियोगिता में तीसरा स्थान हासिल कर कांस्य पदक (3rd Prize) प्राप्त किया.

खिलाड़ियों की खूब तारीफ की

इस अवसर पर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उप मुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने अत्यंत आत्मीय भाव से कहा बेंगलुरु की धरती पर हमारे इन पाँच युवा खिलाड़ियों ने जो सफलता हासिल की है, वह केवल एक पदक मात्र नहीं है, बल्कि यह हमारे राज्य की खेल प्रतिभाओं के अदम्य साहस और कड़े परिश्रम का जीवंत प्रमाण है. पूरी टीम को इस ऐतिहासिक प्रदर्शन के लिए मेरी ओर से अनंत बधाई और ढेरों शुभकामनाएं.

इन बच्चों की सफलता अन्या बच्चों के लिए प्रेरणा स्त्रोत

उन्होंने आगे कहा आपकी यह सफलता बिहार के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के लाखों उन बच्चों के लिए प्रेरणापुंज बनेगी जो खेलों में अपना करियर बनाना चाहते है. मैदान पर आपका यह अनुशासन और समर्पण ही आपको भविष्य में अंतर्राष्ट्रीय क्षितिज पर स्थापित करेगा.अंत में उप मुख्यमंत्री ने टीम के कोच और प्रबंधन की भूमिका की भी सराहना की, जिन्होंने इन खिलाड़ियों को इस मुकाम तक पहुँचाने में अपना अमूल्य योगदान दिया.