बिहार के विकास को मिलेगी स्पेस टेक्नोलॉजी की ताकत, सीएम सम्राट चौधरी ने लॉन्च किया ‘टेकनेक्ट’ पोर्टल

बिहार के विकास को नई रफ्तार देने के लिए राज्य सरकार अब आधुनिक तकनीक, वैज्ञानिक अनुसंधान और अंतरिक्ष आधारित समाधानों पर जोर दे रही है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गुरुवार को पटना स्थित डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम साइंस सिटी में आयोजित दो दिवसीय ‘स्पेस एप्लीकेशन एडॉप्शन वर्कशॉप-2026’ में कहा कि विज्ञान और तकनीक का प्रभावी इस्तेमाल बिहार की विकास योजनाओं को अधिक उपयोगी और जनहितकारी बना सकता है.

बिहार के विकास को मिलेगी स्पेस टेक्नोलॉजी की ताकत, सीएम सम्राट चौधरी ने लॉन्च किया ‘टेकनेक्ट’ पोर्टल

पटना (PATNA): बिहार के विकास को नई रफ्तार देने के लिए राज्य सरकार अब आधुनिक तकनीक, वैज्ञानिक अनुसंधान और अंतरिक्ष आधारित समाधानों पर जोर दे रही है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गुरुवार को पटना स्थित डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम साइंस सिटी में आयोजित दो दिवसीय ‘स्पेस एप्लीकेशन एडॉप्शन वर्कशॉप-2026’ में कहा कि विज्ञान और तकनीक का प्रभावी इस्तेमाल बिहार की विकास योजनाओं को अधिक उपयोगी और जनहितकारी बना सकता है. उन्होंने अधिकारियों, वैज्ञानिकों और तकनीकी विशेषज्ञों से राज्य की जरूरतों के अनुसार नए एप्लीकेशन विकसित करने और उन्हें जमीन पर लागू करने का आह्वान किया.

कार्यशाला के दौरान मुख्यमंत्री ने ‘टेकनेक्ट’ पोर्टल का शुभारंभ किया. इसके साथ ही बिहार रिमोट सेंसिंग एप्लीकेशन सेंटर (BIRSAC) और सर्वे ऑफ इंडिया (SOI) के बीच तकनीकी सहयोग को लेकर समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए. इन पहलों का उद्देश्य अंतरिक्ष आधारित तकनीक का इस्तेमाल बढ़ाना और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन को अधिक प्रभावी बनाना है.कार्यक्रम की शुरुआत में मुख्यमंत्री ने प्रदर्शनी का निरीक्षण किया और विभिन्न प्रतिभागियों की ओर से विकसित तकनीकी समाधानों की जानकारी ली. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि इन एप्लीकेशन की उपयोगिता का आकलन कर उन्हें संबंधित विभागों के कामकाज और जनहित से जोड़ा जाए.

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार की भौगोलिक परिस्थितियों के कारण बाढ़ प्रबंधन राज्य के सामने बड़ी चुनौती है. नेपाल और पड़ोसी राज्यों से आने वाले पानी का असर यहां की नदियों और निचले इलाकों पर पड़ता है. ऐसे में रिमोट सेंसिंग, वैज्ञानिक आंकड़ों और अंतरिक्ष आधारित तकनीक की मदद से बाढ़ की निगरानी, जलस्तर का आकलन और समय रहते पूर्वानुमान लगाने में मदद मिल सकती है. उन्होंने कृषि नियोजन, जल संसाधनों के बेहतर इस्तेमाल और विकास योजनाओं की निगरानी में भी तकनीक की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया. मुख्यमंत्री ने कहा कि वैज्ञानिक अध्ययन और विभागों के बीच बेहतर समन्वय से उपलब्ध जल संसाधनों का अधिक प्रभावी उपयोग किया जा सकता है. गंगा नदी के पानी का सालभर पेयजल और सिंचाई जैसे कार्यों में उपयोग सुनिश्चित करने की जरूरत पर भी उन्होंने जोर दिया. इसके लिए बेहतर योजना, वैज्ञानिक अध्ययन और संबंधित राज्यों के साथ समन्वय को जरूरी बताया.

सम्राट चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए विज्ञान, तकनीक और नवाचार को प्राथमिकता देना जरूरी है. उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के समृद्ध बिहार के लक्ष्य का उल्लेख करते हुए कहा कि आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल से राज्य विकास के नए आयाम हासिल कर सकता है. मुख्यमंत्री ने बिहार की प्राचीन ज्ञान परंपरा का जिक्र करते हुए आर्यभट्ट और आचार्य चाणक्य जैसी महान विभूतियों को याद किया. उन्होंने कहा कि ज्ञान और शिक्षा की इस विरासत को आधुनिक वैज्ञानिक सोच से जोड़कर राज्य को आगे बढ़ाया जा सकता है.

सस्ती तकनीकी शिक्षा और 12 नए टाउनशिप पर जोर
मुख्यमंत्री ने तकनीकी शिक्षा को युवाओं के लिए सुलभ बनाने के राज्य सरकार के प्रयासों का भी उल्लेख किया. उन्होंने बताया कि बिहार के इंजीनियरिंग कॉलेजों में 10 रुपये और पॉलिटेक्निक कॉलेजों में 5 रुपये शुल्क की व्यवस्था युवाओं को तकनीकी शिक्षा हासिल करने का अवसर देती है. इसके अलावा, ऐतिहासिक नामों और विरासत से प्रेरित 12 नए टाउनशिप विकसित करने की योजना का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि शहरों के नियोजित विकास, नागरिक सुविधाओं में सुधार और बेहतर प्रशासन के लिए आधुनिक तकनीक का उपयोग जरूरी है.

विभागों के बीच तालमेल से बढ़ेगा नवाचार
मुख्यमंत्री ने सभी विभागों और तकनीकी संस्थानों से आपसी सहयोग बढ़ाने तथा नए तकनीकी समाधानों को अपनाने की अपील की. उन्होंने कहा कि तकनीक का उद्देश्य केवल नए उपकरण विकसित करना नहीं, बल्कि शासन व्यवस्था को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और आम जनता के लिए उपयोगी बनाना है. कार्यशाला की थीम ‘प्रशासन को सशक्त बनाना : प्रगतिशील बिहार के लिए अंतरिक्ष आधारित समाधानों का उपयोग’ रही. कार्यक्रम में अंतरिक्ष विभाग, भारत सरकार के संयुक्त सचिव अनुपम आनंद और विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के सचिव हिमांशु शर्मा समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे. इस दौरान विभागीय गतिविधियों पर आधारित एक लघु फिल्म भी दिखाई गई.