BPSC TRE-4.0 पर बड़ा अपडेट: 32 हजार से ज्यादा शिक्षक पदों पर भर्ती का आवेदन स्थगित, नई तारीख का इंतजार
Bihar TRE-4.0 भर्ती के तहत 32,388 शिक्षक पदों पर होने वाली ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया फिलहाल स्थगित कर दी गई है. BPSC जल्द ही आवेदन की नई तारीख जारी करेगा.
पटना (PATNA): बिहार में शिक्षक भर्ती परीक्षा TRE-4.0 की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर सामने आई है. बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने विद्यालय अध्यापक भर्ती परीक्षा TRE-4 के तहत होने वाली ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया को फिलहाल स्थगित कर दिया है. विज्ञापन संख्या 14/2026 के तहत शिक्षा विभाग में कुल 32,388 विद्यालय अध्यापक पदों पर नियुक्ति के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 1 सितंबर 2026 से शुरू होने वाली थी. हालांकि, आयोग ने अब इस प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के बजाय अस्थायी रूप से रोक दिया है. इस फैसले के बाद शिक्षक भर्ती की तैयारी कर रहे हजारों अभ्यर्थियों को आवेदन की नई तारीख के लिए इंतजार करना होगा. आयोग की ओर से जारी आवश्यक सूचना में कहा गया है कि प्रक्रिया में बदलाव के कारण आवेदन की निर्धारित तिथि को स्थगित किया गया है.
BPSC के मुताबिक, TRE-4 से संबंधित ऑनलाइन आवेदन की नई तारीख बाद में घोषित की जाएगी. फिलहाल आयोग ने अभ्यर्थियों को नई तिथि जारी होने तक इंतजार करने की सलाह दी है. आवेदन प्रक्रिया स्थगित होने के बाद अभ्यर्थियों के बीच कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं. खास तौर पर यह सवाल उठ रहा है कि प्रक्रियात्मक बदलाव के तहत भर्ती प्रक्रिया में क्या नया प्रावधान जोड़ा जाएगा और आवेदन कब से शुरू होंगे. TRE-4.0 के माध्यम से बड़ी संख्या में शिक्षकों की नियुक्ति प्रस्तावित है, ऐसे में अभ्यर्थी आयोग की अगली आधिकारिक सूचना पर नजर बनाए हुए हैं. उम्मीदवारों के लिए यह जरूरी है कि वे किसी भी अफवाह पर भरोसा करने के बजाय BPSC की ओर से जारी आधिकारिक अपडेट के आधार पर ही आवेदन और परीक्षा से जुड़ी तैयारी करें.
दरअसल, TRE-4 की प्रक्रिया में बदलाव को अभ्यर्थियों की ओर से लंबे समय से उठाई जा रही मांगों से भी जोड़कर देखा जा रहा है. बताया जा रहा है कि छात्रों और अभ्यर्थियों की कुछ मांगों को सरकार की ओर से स्वीकार किए जाने के बाद भर्ती प्रक्रिया में आवश्यक संशोधन किया जा रहा है. इसी आधार पर BPSC की ओर से संशोधित प्रावधानों के साथ नया नोटिफिकेशन जारी किए जाने की संभावना है. हालांकि, नए नियमों और आवेदन की नई तारीख को लेकर अंतिम जानकारी आयोग की आधिकारिक घोषणा के बाद ही स्पष्ट होगी. फिलहाल TRE-4.0 के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को कुछ और समय इंतजार करना होगा. 32,388 पदों वाली इस भर्ती का अगला अपडेट कब आएगा, अब सभी की नजर इसी पर टिकी है.