बिहार: सासाराम को मिली बड़ी सौगात! 122 करोड़ की लागत से बने बाईपास का CM ने किया उद्घाटन
बिहार के सीएम सम्राट चौधरी ने मंगलवार को रोहतास जिले के सासाराम में 122.39 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 2-लेन सासाराम बाईपास सड़क का उद्घाटन किया. बेदा से मोकर तक सिंचाई नहर के बांध पर आरओबी और पुल समेत तैयार किए गए इस बाईपास के शुरू होने से शहर में यातायात का दबाव कम होने और लोगों को आने जाने में सुविधा मिलने की उम्मीद है.
पटना (PATNA): बिहार के सीएम सम्राट चौधरी ने मंगलवार को रोहतास जिले के सासाराम में 122.39 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 2-लेन सासाराम बाईपास सड़क का उद्घाटन किया. बेदा से मोकर तक सिंचाई नहर के बांध पर आरओबी और पुल समेत तैयार किए गए इस बाईपास के शुरू होने से शहर में यातायात का दबाव कम होने और लोगों को आने जाने में सुविधा मिलने की उम्मीद है. आवागमन में सहूलियत मिलने की उम्मीद है. सरकार के मुताबिक, इस सड़क से सासाराम शहर की ट्रैफिक व्यवस्था बेहतर होगी और क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा. साथ ही, बाईपास के निर्माण से स्थानीय लोगों को जाम से राहत मिलने के साथ यात्रा का समय भी कम होने की संभावना है.
उद्घाटन के बाद सीएम ने कायाकल्प अभियान के तहत सासाराम बाईपास के पास विकसित किए गए एक पोखर का निरीक्षण किया. उन्होंने पोखर की सफाई और जल संरक्षण से जुड़े कार्यों की जानकारी अधिकारियों से ली. इसी दौरान मुख्यमंत्री ने 'रोहतास जल संजीवनी' अभियान की शुरुआत की. इस पहल का उद्देश्य जिले के तालाबों, पोखरों, जलाशयों और अन्य पारंपरिक जलस्रोतों को फिर से जीवंत करना है. अभियान के तहत जलस्रोतों की सफाई, मरम्मत और नियमित देखभाल पर जोर दिया जाएगा, ताकि बारिश के पानी को अधिक मात्रा में संचित किया जा सके.
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिले के जलस्रोतों की नियमित निगरानी और साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए. तालाबों और जलाशयों को अतिक्रमण तथा प्रदूषण से बचाने के लिए प्रभावी कदम उठाने के साथ स्थानीय लोगों की भागीदारी भी बढ़ाई जाए. उन्होंने कहा कि जलस्रोतों का संरक्षण केवल वर्तमान जरूरतों के लिए नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए भी जरूरी है.