बिहार में टूट गया महागठबंधन ? राजद ने दरभंगा शिक्षक सीट पर कांग्रेस के सामने उतारा उम्मीदवार
क्या बिहार में महागठबंधन टूट गया ? क्या इसकी पृष्ठभूमि पहले से ही तैयार कर ली गई थी ? बिहार विधान परिषद के चुनाव में अभी तक जो दृश्य उपस्थित हुए हैं, उससे यही अंदेशा लग रहा है.
TNP DESK| तो क्या बिहार में महागठबंधन टूट गया ? क्या इसकी पृष्ठभूमि पहले से ही तैयार कर ली गई थी ? बिहार विधान परिषद के चुनाव में अभी तक जो दृश्य उपस्थित हुए हैं, उससे यही अंदेशा लग रहा है. राजद ने कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा के खिलाफ प्रत्याशी दे दिया है. राजद ने दरभंगा शिक्षक सीट से कुमर राय को उम्मीदवार बनाया है. रविवार को पार्टी ने इसकी घोषणा कर दी है. इससे पहले कांग्रेस ने राजद के खिलाफ चार सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे. ऐसे में अब कुल 5 एमएलसी सीटों पर कांग्रेस और राजद में मुकाबला दिखेगा.
मदन मोहन झा हैं कांग्रेस के उम्मीदवार
कुमर राय राजद के शिक्षक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष हैं. वह दरभंगा के रहने वाले हैं. राजद के कुमर राय की दरभंगा शिक्षक सीट पर कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा से टक्कर होगी. मदन मोहन झा इस सीट से मौजूदा एमएलसी हैं और सोमवार को वह नामांकन करेंगें. राजद ने पिछले महीने आठ में से 6 सीटों पर उम्मीदवार की घोषणा कर दी थी. हालांकि उस समय दरभंगा शिक्षक सीट से किसी को टिकट नहीं दिया गया था, उस समय माना जा रहा था कि राजद यह सीट सहयोगी पार्टी कांग्रेस के लिए छोड़ देगा.
कांग्रेस ने उम्मीदवार दिए तो राजद ने भी आंखे तरेरी
जब कांग्रेस ने राजद के खिलाफ चार सीटों पर उम्मीदवार खड़े कर दिए, तो राजद ने आखिरी दिनों में दांव चलकर कुमर राय को मदन मोहन झा के सामने उतार दिया है. ऐसे में इस सीट पर मुकाबला रोचक हो जाएगा. बता दें कि बिहार विधान परिषद की 8 एमएलसी सीटों पर पर चुनाव के लिए नामांकन का अंतिम दिन 6 अक्टूबर हैं. 23 अक्टूबर को शिक्षक और निर्वाचन कोटे की आठों सीटों पर मतदान होगा। नतीजे 27 अक्टूबर को जारी होंगे।दरभंगा शिक्षक के अलावा दरभंगा स्नातक, पटना शिक्षक, पटना स्नातक, तिरहुत शिक्षक, तिरहुत स्नातक, कोसी स्नातक और सारण शिक्षक सीट पर चुनाव हो रहे हैं. इन सीटों का कार्यकाल 16 नवंबर 2026 को समाप्त हो रहा हैं.