बिहार MLC चुनाव: जन सुराज ने पांच उम्मीदवारों के नाम किए घोषित, शिक्षक और स्नातक सीटों पर उतारे प्रत्याशी
बिहार विधान परिषद चुनाव के लिए जन सुराज ने पांच उम्मीदवारों के नाम घोषित किए हैं. शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में पार्टी ने अपने प्रत्याशी उतारे हैं.
पटना (PATNA): बिहार विधान परिषद चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं. इसी बीच प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी ने पांच शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए उम्मीदवारों के नाम घोषित किए हैं. इससे पहले इन सीटों पर इन नामों को लेकर चर्चा चल रही थी और जन सुराज ने 20 सितंबर को उम्मीदवारों की घोषणा करने की बात कही थी.
आफ़ाक अहमद — सारण शिक्षक
कोशी स्नातक -रजनीश रंजन
पटना शिक्षक — दिव्य ज्योति
दरभंगा शिक्षक — सुरेश प्रसाद राय
दरभंगा स्नातक — रविंद्र कुमार यादव
जन सुराज की सूची में शिक्षक और स्नातक दोनों श्रेणियों की सीटें शामिल हैं. पार्टी ने दरभंगा की दोनों सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं. दरभंगा शिक्षक सीट से सुरेश प्रसाद राय और स्नातक सीट से रविंद्र कुमार यादव चुनाव मैदान में होंगे. वहीं, पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से डॉ. दिव्या ज्योति को प्रत्याशी बनाया गया है. सारण शिक्षक क्षेत्र से मौजूदा विधान पार्षद आफाक अहमद को उम्मीदवार बनाया गया है. आफाक अहमद ने 2023 में सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र का चुनाव जीता था. कोसी स्नातक क्षेत्र की जिम्मेदारी रजनीश रंजन को दी गई है.
बिहार विधान परिषद की शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों की आठ सीटों को लेकर विभिन्न दलों की तैयारियां जारी हैं. इनमें पटना, तिरहुत, दरभंगा और कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के साथ पटना, सारण, तिरहुत और दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं. जन सुराज की ओर से पांच प्रत्याशियों के नाम सामने आने के बाद संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में उम्मीदवारों की तस्वीर और स्पष्ट हुई है. अन्य दल भी कई सीटों पर अपने उम्मीदवार घोषित कर चुके हैं या चयन की प्रक्रिया में हैं. आने वाले दिनों में बाकी सीटों पर प्रत्याशियों और चुनाव कार्यक्रम को लेकर स्थिति और साफ होने की उम्मीद है.