बेंगलुरु में बिहार आईटी इंडस्ट्री मीट 2026 : वैश्विक कंपनियों ने दिखाई साझेदारी की इच्छा, डिजिटल बिहार की ओर बड़ा कदम

बेंगलुरु में बिहार आईटी इंडस्ट्री मीट 2026 : वैश्विक कंपनियों ने दिखाई साझेदारी की इच्छा, डिजिटल बिहार की ओर बड़ा कदम

TNP DESK : बिहार सरकार का सूचना प्रावैधिकी विभाग राज्य को देश के प्रमुख डिजिटल और तकनीकी केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है. इसी उद्देश्य से बेंगलुरु में 'बिहार आईटी इंडस्ट्री मीट 2026' का आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम में देश-विदेश की अग्रणी आईटी कंपनियों, ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर (GCC) के प्रतिनिधियों, स्टार्टअप्स, निवेशकों और उद्योग विशेषज्ञों ने भाग लिया. कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बिहार में निवेश आकर्षित करना और वैश्विक तकनीकी कंपनियों के साथ दीर्घकालिक साझेदारी स्थापित करना था.

बड़े निवेश, रोजगार सृजन और तकनीकी विकास को नई गति

इस अवसर पर बिहार के सूचना प्रावैधिकी मंत्री नीतीश मिश्रा ने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल निवेश लाना नहीं, बल्कि ऐसा आधुनिक तकनीकी माहौल तैयार करना है, जहां उद्योग, नवाचार और युवाओं की प्रतिभा को साथ लेकर विकास किया जा सके. उन्होंने बताया कि बिहार आईटी पॉलिसी 2024 और बिहार ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर (GCC) पॉलिसी 2026 राज्य में बड़े निवेश, रोजगार सृजन और तकनीकी विकास को नई गति देंगी

बैठक के दौरान निवेशकों को राज्य की उद्योग-अनुकूल नीतियों, सिंगल विंडो क्लीयरेंस सिस्टम, निवेश प्रोत्साहन योजनाओं, कौशल विकास कार्यक्रमों और मजबूत डिजिटल बुनियादी ढांचे की जानकारी दी गई. सरकार ने आईटी, आईटीईएस, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डेटा सेंटर, इलेक्ट्रॉनिक्स, डीपटेक और डिजिटल सेवाओं के क्षेत्र में बिहार को राष्ट्रीय स्तर का प्रमुख केंद्र बनाने की अपनी योजना भी साझा की.

निवेश और सहयोग पर विस्तार से चर्चा

सूचना प्रावैधिकी विभाग के सचिव अभय कुमार सिंह ने कई बड़ी कंपनियों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ अलग-अलग व्यावसायिक बैठकें कीं. इनमें Quess Corp, Adobe, Mercedes-Benz, Oracle, Salesforce, Honeywell, Mphasis, Razorpay, NetApp, Trend Micro, Tejas Networks, MyGate और अन्य कंपनियां शामिल रहीं. इन बैठकों में बिहार में ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर (GCC), आईटी पार्क, सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, इलेक्ट्रॉनिक्स निर्माण, स्टार्टअप्स और कौशल विकास जैसे क्षेत्रों में निवेश और सहयोग पर विस्तार से चर्चा हुई.

उद्योग जगत के प्रतिनिधियों ने बिहार सरकार की नई नीतियों और तेजी से विकसित हो रहे डिजिटल इकोसिस्टम की सराहना की. उन्होंने राज्य की युवा प्रतिभा, बेहतर नीतियों और निवेश के अनुकूल माहौल को भविष्य के लिए काफी सकारात्मक बताया.

बिहार आईटी इंडस्ट्री मीट 2026 ने यह संदेश दिया कि बिहार अब केवल संभावनाओं का राज्य नहीं, बल्कि डिजिटल निवेश, तकनीकी नवाचार और ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर के क्षेत्र में तेजी से उभरता हुआ राष्ट्रीय केंद्र बन रहा है.