बिहार: रक्षाबंधन पर सीएम का बड़ा तोहफा! बेटियों की सुरक्षा, पढ़ाई और रोजगार के लिए नई योजनाएं होगी शुरू

रक्षाबंधन के अवसर पर बिहार सरकार ने बेटियों और महिलाओं के लिए कई नई योजनाओं की घोषणा की है. 'पुलिस दीदी' अभया ब्रिगेड, मुख्यमंत्री बालिका PhD फेलोशिप और 'बिहार की बेटी स्टार्टअप चैलेंज' जैसी योजनाओं के जरिए छात्राओं की सुरक्षा, उच्च शिक्षा और स्वरोजगार को बढ़ावा दिया जाएगा.

बिहार: रक्षाबंधन पर सीएम का बड़ा तोहफा! बेटियों की सुरक्षा, पढ़ाई और रोजगार के लिए नई योजनाएं होगी शुरू

पटना (PATNA): रक्षाबंधन के अवसर पर बिहार सरकार ने राज्य की बेटियों और महिलाओं के लिए कई नई योजनाओं की घोषणा की है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इसकी जानकारी साझा की. उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य बेटियों को सुरक्षित माहौल देना, उनकी पढ़ाई को बढ़ावा देना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है. इसी सोच के तहत सरकार सुरक्षा, शिक्षा और रोजगार से जुड़ी कई नई योजनाएं शुरू करने जा रही है. सरकार का मानना है कि इन योजनाओं से बेटियों को आगे बढ़ने के बेहतर अवसर मिलेंगे और वे बिना किसी डर या आर्थिक परेशानी के अपने सपनों को पूरा कर सकेंगी.

सरकार की सबसे अहम पहल 'पुलिस दीदी' अभया ब्रिगेड है. इसके तहत 4,700 स्कूटर और मोटरसाइकिलों को हरी झंडी दिखाकर सड़क पर उतारा जाएगा. यह विशेष टीम स्कूल, कॉलेज और कोचिंग जाने वाली छात्राओं की सुरक्षा पर नजर रखेगी. अगर किसी छात्रा को रास्ते में किसी तरह की परेशानी होती है, तो यह टीम तुरंत मदद के लिए पहुंचेगी. इसके अलावा मुख्यमंत्री बालिका PhD फेलोशिप योजना भी शुरू की जाएगी. इस योजना के तहत करीब 1,000 छात्राओं को चार साल तक आर्थिक सहायता दी जाएगी, ताकि वे बिना पैसों की चिंता किए अपनी रिसर्च और उच्च शिक्षा पूरी कर सकें. इससे राज्य की अधिक बेटियां उच्च शिक्षा की ओर बढ़ सकेंगी.

इसके साथ ही सरकार 'बिहार की बेटी स्टार्टअप चैलेंज' योजना भी शुरू करेगी. इस योजना का मकसद उन बेटियों की मदद करना है, जो अपना खुद का कारोबार या स्टार्टअप शुरू करना चाहती हैं. चयनित युवतियों को 50 हजार रुपये से लेकर 2 लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता दी जाएगी. सरकार का कहना है कि इन योजनाओं से बेटियां न सिर्फ सुरक्षित रहेंगी, बल्कि पढ़ाई पूरी करने के बाद रोजगार पाने के बजाय खुद रोजगार देने वाली भी बन सकेंगी.