अतिपिछड़ा सम्मेलन में बोले बिहार CM सम्राट चौधरी, अपराधियों पर होगी शख्त कार्रवाई

अतिपिछड़ा सम्मेलन में बोले बिहार CM सम्राट चौधरी, अपराधियों पर होगी शख्त कार्रवाई

पटना (PATNA) : बिहार की राजधानी पटना में अतिपिछड़ा सम्मान सम्मेलन में बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने विपक्ष पर जमकर निशाना साधा और कानून-व्यवस्था, आरक्षण, शिक्षा तथा अतिपिछड़ा समाज के अधिकारों को लेकर कई बड़े दावे किए. उन्होंने कहा कि राज्य में अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और अतिपिछड़ा समाज के लोगों की सुरक्षा व सम्मान के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा. साथ ही उन्होंने नीट परीक्षा में धांधली करने वालों को जेल भेजने और शिक्षा व्यवस्था में बड़े बदलाव की बात भी कही.

किसी से डरने की जरूरत नहीं

आयोजित अतिपिछड़ा सम्मान सम्मेलन में बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 साल के कार्यकाल की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने समाज के हर वर्ग के विकास के लिए काम किया है. उन्होंने कहा कि बिहार की 121 अतिपिछड़ी जातियों के लोगों को किसी से डरने की जरूरत नहीं है. सरकार उनके साथ खड़ी है और किसी भी अपराधी को उन्हें परेशान नहीं करने दिया जाएगा.

अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चल रहा है और आगे भी जारी रहेगा. उन्होंने दावा किया कि राज्य में कानून-व्यवस्था मजबूत हुई है और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है. हाल ही में नीट परीक्षा में हुई धांधली का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि मामले में शामिल लोगों को गिरफ्तार किया गया है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा.

इस व्यवस्था का लाभ नहीं मिलता

आरक्षण के मुद्दे पर सम्राट चौधरी ने कहा कि भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने समाज के सभी वर्गों को आगे बढ़ाने का काम किया है. उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को भी आरक्षण का लाभ दिया गया है. साथ ही उन्होंने कहा कि जिन परिवारों की आय आठ लाख रुपये से अधिक है, उन्हें इस व्यवस्था का लाभ नहीं मिलता.

केवल राजनीति कर रहा है विपक्ष

राजद और लालू प्रसाद यादव पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष केवल राजनीति कर रहा है, जबकि सरकार विकास और सुशासन पर काम कर रही है. उन्होंने दावा किया कि राज्य में लोगों की शिकायतों के समाधान के लिए सख्त व्यवस्था बनाई गई है. यदि कोई अधिकारी तय समय में काम नहीं करता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाती है.

निजी स्कूलों पर निर्भरता कम हो

शिक्षा व्यवस्था को लेकर उन्होंने कहा कि बिहार में मॉडल स्कूलों को विकसित किया जा रहा है और स्कूलों व कॉलेजों में दो शिफ्ट में पढ़ाई शुरू करने की योजना पर काम चल रहा है. उनका कहना था कि सरकारी स्कूलों को इतना बेहतर बनाया जाएगा कि लोगों की निजी स्कूलों पर निर्भरता कम हो.

सम्राट चौधरी ने कहा कि अतिपिछड़ा समाज के लोगों के अधिकारों की रक्षा सरकार की प्राथमिकता है और उनके हितों के लिए हर जरूरी कदम उठाया जाएगा.