बिहार: गौरीचक बाजार में भारी वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत, सिर बुरी तरह कुचला

गौरीचक बाजार स्थित सेंट्रल बैंक के आसपास रविवार को भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार राजा कुमार की मौके पर ही मौत हो गई. पुलिस जांच में जुट गई है और आसपास के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं.

बिहार: गौरीचक बाजार में भारी वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत, सिर बुरी तरह कुचला

पटना (PATNA): जिले से सड़क दुर्घटना की खबर सामने आई है जहां गौरीचक थाना क्षेत्र के गौरीचक बाजार स्थित सेंट्रल बैंक के आसपास रविवार को भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार राजा कुमार की मौके पर ही मौत हो गई. मृतक धनरूआ थाना क्षेत्र के जलालपुर गांव निवासी श्रवण रविदास का करीब 27 वर्षीय पुत्र था. वह संपतचक बाजार में मजदूरी करने जा रहा था. इसी दौरान बेलदारीचक की ओर से संपतचक की तरफ जाते समय किसी अज्ञात भारी वाहन ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि राजा कुमार का सिर बुरी तरह कुचल गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गयी.

हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया. घटना के बाद गौरीचक बाजार में अफरा-तफरी मच गयी और सड़क पर लोगों की भीड़ जुट गयी. हादसे के कारण सड़क पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और जाम की स्थिति बन गयी. ग्रामीणों की सूचना पर डायल-112 के एसआई गौतम कुमार मौके पर पहुंचे. घटना की पुष्टि के बाद उन्होंने गौरीचक थाना पुलिस को सूचना दी. इसके बाद एसआई कमल नयन पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया.

पुलिस ने घटनास्थल से दुर्घटनाग्रस्त बाइक बरामद की. बाइक का पंजीकरण नंबर बीआर 01 एचटी 2237 है. नंबर के आधार पर बाइक के पंजीकृत मालिक का पता लगाया गया तो वह खुसरूपुर थाना क्षेत्र के पचरुखिया निवासी मुकेश कुमार के नाम पर निकला. पुलिस ने मुकेश कुमार से संपर्क किया तो उन्होंने बताया कि वह अपने घर पर मौजूद हैं. इसके बाद पुलिस ने बाइक से राजा कुमार के सड़क दुर्घटना में मौत हो जाने की जानकारी दी तो पता चला कि राजा कुमार उसका रिश्तेदार है. गौरीचक थानाध्यक्ष सुमन कुमार ने बताया कि मृतक राजा कुमार के धनरूआ के जलालपुर निवासी होने की जानकारी मिली है. वह संपतचक बाजार में मजदूरी करने जा रहा था. हादसे में शामिल अज्ञात भारी वाहन की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं. पुलिस उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर वाहन और उसके चालक का पता लगाने में जुटी है.