बड़ी खबर: रिशु श्री केस में SVU का बड़ा एक्शन, 3 बड़े साहब गिरफ्तार, IAS संजीव हंस की तलाश तेज

बड़ी खबर: रिशु श्री केस में SVU का बड़ा एक्शन, 3 बड़े साहब गिरफ्तार, IAS संजीव हंस की तलाश तेज

पटना (PATNA): बिहार में चर्चित रिशु श्री प्रकरण की जांच के बीच विशेष निगरानी इकाई (SVU) ने आज यानि की बुधवार की सुबह बड़ी कार्रवाई करते हुए मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. SVU कांड संख्या 05/25 के तहत की गई इस कार्रवाई में मुमुक्षु चौधरी, तरणी दास और उमेश कुमार सिंह को हिरासत में लिया गया है. गिरफ्तार सभी आरोपियों से फिलहाल विशेष निगरानी इकाई की टीम गहन पूछताछ कर रही है.

वहीं मिली जानकारी के अनुसार, इस हाई-प्रोफाइल मामले के एक अन्य आरोपी आईएएस अधिकारी संजीव हंस का अब तक कोई पता नहीं चल पाया है. सूत्रों के मुताबिक, संजीव हंस के पटना से बाहर होने की सूचना मिली है, जिसके बाद उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है.

इधर SVU की इस कार्रवाई को रिशु श्री मामले की जांच में एक बड़ा और महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है. लगातार हो रही गिरफ्तारी और पूछताछ से जांच की दिशा में नया मोड़ आता दिखाई दे रहा है. जांच एजेंसी अब गिरफ्तार आरोपियों से मिले इनपुट के आधार पर मामले की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है. सूत्रों का कहना है कि पूछताछ के दौरान कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आने की संभावना है, जिससे मामले में अन्य लोगों की भूमिका भी उजागर हो सकती है. वहीं, फरार आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है और कई स्थानों पर दबिश दी जा रही है.

SVU अधिकारियों के अनुसार, कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जाएगा. फिलहाल एजेंसी की प्राथमिकता फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले की सच्चाई सामने लाना है. रिशु श्री प्रकरण में हुई इस ताजा कार्रवाई के बाद प्रशासन की अगली रणनीति और संभावित कदमों पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं. बिहार के चर्चित मामलों में शामिल इस केस में आने वाले दिनों में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है.