पटना (PATNA):पटना के चर्चित फैसल खान उर्फ खान सर को आज भी कोर्ट से अग्रिम जमानत नहीं मिली.कोर्ट ने मामले की अगली सुनवाई बुधवार, 8 जुलाई तक के लिए टाल दी है. सुनवाई के दौरान कोर्ट ने कुछ जरूरी दस्तावेज कल तक जमा करने का निर्देश दिया है.इन दस्तावेजों के उपलब्ध होने के बाद कोर्ट उनका परीक्षण करेगा. इसके बाद दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के उपरांत ही खान सर की अग्रिम जमानत पर अंतिम फैसला सुनाया जाएगा
दोनों बॉडीगार्ड्स की जमानत पर भी कल सुनवाई तय
आपको बता दें कि फैसल खान उर्फ खान सर और उनके दोनों बॉडीगार्ड्स की जमानत याचिका पर भी कोर्ट ने कल सुनवाई तय की है.मंगलवार को करीब 40 मिनट तक सभी बिंदुओं पर जिला जज ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनीं.इस दौरान जिला जज ने रोशन आनंद की शिकायत के पक्ष में प्रस्तुत तथ्यों के साथ-साथ खान सर के पुराने आपराधिक इतिहास का रिकॉर्ड भी कोर्ट में पेश करने का निर्देश दिया.कोर्ट ने कहा कि घटना से संबंधित रिकॉर्ड में यदि कोई आपराधिक इतिहास है, तो उसे हर हाल में प्रस्तुत किया जाए.
कोर्ट ने भी माना लंबे समय से खींच रहा है मामला
वहीं, बुधवार सुबह 10:30 बजे पूरे मामले की सुनवाई होगी, जिसके बाद अग्रिम जमानत याचिका पर फैसला आ सकता है. आपको बता दें कि जिला जज रूपेश ने सुनवाई के दौरान जोर देते हुए कहा कि मामला लंबे समय से लंबित है, इसलिए अब इसका जल्द निपटारा किया जाएगा.
2 जून का है पूरा मामला
आपको बताएं कि पूरा मामला 2 जून 2026 का है, जब पटना स्थित खान ग्लोबल स्टडी सेंटर पर फायरिंग की घटना हुई थी.इस मामले में खान सर ने रोशन आनंद पर फायरिंग कराने का आरोप लगाया था, जिसके बाद पुलिस ने रोशन आनंद को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया.इसी दौरान रोशन आनंद के छोटे भाई की हत्या हो गई. बाद में रोशन आनंद को इस मामले में जमानत मिल गई. हालांकि, अब तक खान सर को कोर्ट ने उनकी अग्रिम जमानत पर कोई अंतिम फैसला नहीं सुनाया है और मामले की सुनवाई लगातार जारी है.

