बियाडा के प्रबंध निदेशक ने औद्योगिक क्षेत्र का किया निरीक्षण,अधिकारियों को दिया कई दिशा निर्देश
बिहार औद्योगिक क्षेत्र विकास प्राधिकार (बियाडा) के प्रबंध निदेशक नवीन कुमार ने शनिवार को पाटलिपुत्र औद्योगिक क्षेत्र का निरीक्षण कर डेटा सेंटर, आधारभूत संरचनाओं तथा विभिन्न औद्योगिक इकाइयों में संचालित गतिविधियों का जायजा लिया.
पटना:बिहार औद्योगिक क्षेत्र विकास प्राधिकार (बियाडा) के प्रबंध निदेशक नवीन कुमार ने शनिवार को पाटलिपुत्र औद्योगिक क्षेत्र का निरीक्षण कर डेटा सेंटर, आधारभूत संरचनाओं के साथ विभिन्न औद्योगिक इकाइयों में संचालित गतिविधियों का जायजा लिया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने औद्योगिक क्षेत्र में यातायात प्रबंधन, स्वच्छता, अतिक्रमण, अवैध निर्माण और आधारभूत सुविधाओं के रखरखाव से संबंधित मामलों की समीक्षा की. साथ ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई निर्धारित समय-सीमा के भीतर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.
निरीक्षण के दौरान प्रबंध निदेशक ने Ravi Industry, Recon Engicon Pvt. Ltd., UNO Digital Pvt. Ltd., SLMG Beverage Pvt. Ltd., Prius System LLP, CtrlS, Ambe Infra Green LLP, Aeron Healthcare Pvt. Ltd., Bihar Trade Tower, Vijayam Educational Trust, Maa Re Rolling Mill, Puja Printech Pvt. Ltd., Satya Enterprises, Eclet Industries Ltd., Civ Mill Industries Pvt. Ltd., Tirupati Industries एवं Ruby Fastner सहित विभिन्न औद्योगिक एवं व्यावसायिक इकाइयों का जायजा लिया.
प्रबंध निदेशक ने औद्योगिक क्षेत्र में निजी वाहनों के अनियंत्रित आवागमन को व्यवस्थित करने के उद्देश्य से सभी प्रवेश द्वारों पर एक्सेस कंट्रोल व्यवस्था लागू करने के निर्देश दिए. उन्होंने मुख्य एवं आंतरिक सड़कों के दोनों ओर औद्योगिक इकाइयों द्वारा अनधिकृत रूप से निर्माण सामग्री रखे जाने के मामलों में नियमानुसार तत्काल कार्रवाई करने को कहा.
औद्योगिक क्षेत्र में स्वच्छता सुनिश्चित करने के संबंध में उन्होंने तत्काल सफाई और कचरा हटाने तथा सड़क किनारे कचरा फेंकने पर रोक लगाने के लिए संबंधित इकाइयों को माइकिंग और नोटिस के माध्यम से जागरूक करने के साथ नियमों के उल्लंघन पर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए.
निरीक्षण के दौरान पॉलिटेक्निक/साईं मंदिर के निकट बियाडा की भूमि पर अनधिकृत वाहन पार्किंग के मामले में नियमानुसार कार्रवाई करने और साईं मंदिर के संचालक द्वारा बियाडा की भूमि पर कथित अनधिकृत भवन निर्माण के संबंध में नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए.
सड़क एवं आधारभूत संरचनाओं के रखरखाव के संबंध में प्रबंध निदेशक ने बुडको (बिहार शहरी आधारभूत संरचना विकास निगम) द्वारा सीवर लाइन की मरम्मत के बाद सड़क को पूर्व स्थिति में बहाल नहीं किए जाने के मामले को गंभीरता से लिया. उन्होंने सड़क की पुनर्स्थापना पर होने वाले अनुमानित व्यय की वसूली के लिए बुडको को पत्र जारी करने का निर्देश दिया.
औद्योगिक क्षेत्र में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता एवं नियमानुसार निष्पादन सुनिश्चित करने के लिए उन्होंने स्वीकृत सूचीबद्ध वास्तुविदों द्वारा अनुमोदित नक्शे के अनुरूप निर्माण कार्यों की बियाडा के अभियंताओं के माध्यम से समय-समय पर निगरानी करने को कहा.
प्रबंध निदेशक ने कार्यपालक निदेशक (ऑपरेशंस) को निरीक्षण के दौरान चिह्नित सभी मामलों में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा संबंधित उप महाप्रबंधक (DGM) एवं अन्य अधिकारियों के माध्यम से कार्यों की प्रगति की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए. उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाइयां निर्धारित समय-सीमा में पूरी की जाएं तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले मामलों में नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए.
बियाडा राज्य में औद्योगिक आधारभूत संरचनाओं को सुदृढ़ करने, औद्योगिक क्षेत्रों में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित औद्योगिक वातावरण विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है. औद्योगिक क्षेत्रों का नियमित निरीक्षण, भूमि का नियमानुसार उपयोग, आधारभूत सुविधाओं का उचित रखरखाव तथा नियमों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करना बिहार में निवेश-अनुकूल वातावरण के निर्माण एवं औद्योगिक विकास को गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं.