पटना में वोटर अधिकार यात्रा 2026 में गरजे भाई वीरेंद्र, बोले- युवाओं के हक की लड़ाई सड़क से सदन तक लड़ेंगे

पटना में वोटर अधिकार यात्रा 2026 के दौरान राजद विधायक भाई वीरेंद्र ने बेरोजगारी, महंगाई और कानून व्यवस्था को लेकर सरकार पर हमला बोला. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा की लड़ाई जारी रहेगी.

पटना में वोटर अधिकार यात्रा 2026 में गरजे भाई वीरेंद्र, बोले- युवाओं के हक की लड़ाई सड़क से सदन तक लड़ेंगे

पटना (PATNA) : बिहार में राष्ट्रीय जनता दल की ओर से निकाली गई “वोटर अधिकार यात्रा 2026” में मनेर से राजद विधायक भाई वीरेंद्र सक्रिय रूप से शामिल हुए. इस दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए बेरोजगारी, महंगाई, शिक्षा, स्वास्थ्य और कानून व्यवस्था को लेकर सरकार पर जमकर हमला बोला.

सरकार इन मुद्दों पर गंभीरता से काम नहीं कर रही है

भाई वीरेंद्र ने कहा कि बिहार का युवा आज रोजगार के लिए परेशान है. अच्छी शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं की भी कमी है. महंगाई लगातार बढ़ रही है लेकिन सरकार जनता से जुड़े इन मुद्दों पर गंभीरता से काम नहीं कर रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि जब छात्र और युवा अपने अधिकारों के लिए सड़क पर उतरते हैं तो उनकी आवाज दबाने की कोशिश की जाती है. उन्होंने कहा कि पहले राजद के कार्यकर्ता पार्टी का झंडा लेकर आंदोलनों में निकलते थे लेकिन इस बार कार्यकर्ताओं ने हाथ में तिरंगा लिया है. इसका उद्देश्य यह संदेश देना है कि यह लड़ाई केवल किसी राजनीतिक पार्टी की नहीं बल्कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा की लड़ाई है.

जनता जमीन पर किए गए काम का हिसाब चाहती है

बीजेपी पर निशाना साधते हुए भाई वीरेंद्र ने उसे “बढ़का झूठा पार्टी” बताया और कहा कि जनता अब जुमलों से नहीं, बल्कि जमीन पर किए गए काम का हिसाब चाहती है. उन्होंने कहा कि राजद कार्यकर्ता लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेंगे और किसी दबाव में पीछे नहीं हटेंगे. भाई वीरेंद्र ने यह भी कहा कि आंदोलन शांतिपूर्ण तरीके से किया जाएगा. पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल राज्यपाल से मिलकर बिहार की कानून व्यवस्था और युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर ज्ञापन सौंपेगा.

गरीबों, छात्रों, युवाओं और वंचित वर्गों की आवाज उठाई जा रही है

यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में राजद कार्यकर्ता तिरंगा और पार्टी के बैनर लेकर मौजूद रहे. भाई वीरेंद्र ने कहा कि वोटर अधिकार यात्रा 2026 के माध्यम से गरीबों, छात्रों, युवाओं और वंचित वर्गों की आवाज उठाई जा रही है. बेरोजगारी और महंगाई जैसे मुद्दों पर ठोस कदम नहीं उठाए जाने तक राजद की लड़ाई सड़क से लेकर सदन तक जारी रहेगी.