Bauma CONEXPO INDIA 2026 में बिहार ने दिखाई औद्योगिक ताकत, निवेशकों के सामने रखे नए अवसर
Bauma CONEXPO INDIA 2026 में स्टेट पार्टनर के रूप में बिहार ने विनिर्माण, इंजीनियरिंग, निर्माण, ऑटो कंपोनेंट्स और औद्योगिक आधारभूत संरचना से जुड़े निवेश अवसरों को उद्योग जगत के सामने प्रस्तुत किया.
टीएनपी डेस्क (TNP DESK): बिहार तेजी से विकसित हो रहे अपने औद्योगिक परिवेश और निवेश की संभावनाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय उद्योग जगत के सामने रख रहा है. इसी क्रम में राज्य सरकार Bauma CONEXPO INDIA 2026 के 8वें संस्करण में स्टेट पार्टनर के रूप में भाग ले रही है. यह आयोजन 15 से 18 सितंबर 2026 तक ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में हो रहा है. निर्माण मशीनरी, इंजीनियरिंग, खनन और आधारभूत संरचना क्षेत्र से जुड़ी कंपनियों और निवेशकों की मौजूदगी वाला यह आयोजन बिहार के लिए अपनी औद्योगिक क्षमताओं को व्यापक स्तर पर प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण मंच बना है.
BIIPP 2025 और निवेश संभावनाओं पर जोर
बिहार पवेलियन में राज्य की नई औद्योगिक संभावनाओं के साथ बिहार औद्योगिक निवेश प्रोत्साहन नीति (BIIPP) 2025 की जानकारी प्रमुखता से दी जा रही है. निवेशकों को राज्य में उपलब्ध औद्योगिक भूमि, निवेश प्रोत्साहन और विकसित हो रहे औद्योगिक बुनियादी ढांचे से परिचित कराया जा रहा है. राज्य सरकार सामान्य विनिर्माण के अलावा निर्माण एवं आधारभूत संरचना, ऑटो कंपोनेंट्स, हेवी इंजीनियरिंग और इससे जुड़े क्षेत्रों में मौजूद कारोबारी संभावनाओं को भी सामने रख रही है.
विनिर्माण और इंजीनियरिंग इकाइयों के लिए अवसर
बिहार में नए विनिर्माण और इंजीनियरिंग उद्योगों की स्थापना के साथ एक मजबूत औद्योगिक वैल्यू चेन तैयार करने की संभावनाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है. औद्योगिक भूमि और बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता से जुड़ी जानकारियों के माध्यम से कंपनियों को राज्य में निवेश की संभावनाओं को समझने का अवसर मिल रहा है. Bauma CONEXPO INDIA 2026 में भागीदारी बिहार को देश-विदेश के प्रमुख उद्योग समूहों, कंपनियों और संभावित निवेशकों के साथ सीधे संवाद का अवसर दे रही है. इससे नई औद्योगिक साझेदारियों, निवेश प्रस्तावों और दीर्घकालिक कारोबारी सहयोग की संभावनाओं को आगे बढ़ाने में मदद मिल सकती है. आयोजन में बिहार पवेलियन हॉल 10, बूथ Q35 पर मौजूद है, जहां 18 सितंबर तक राज्य की औद्योगिक नीतियों और निवेश अवसरों की जानकारी प्राप्त की जा सकती है.