टीएनपी डेस्क (TNP DESK): बिहार पुलिस इन दिनों अपराध को लेकर काफी ज्यादा सजग हो चुकी है. इसी कड़ी में रविवार को पटना के अनुमंडल पुलिस ने अंतरजिला लूट गिरोह का पर्दाफाश किया है, जिसमें 5 अपराधियों को गिरफ्तार किया है. बताया जा रहा है कि पिछले कुछ दिनों से बाढ़ के मोकामा और भदौर थाना क्षेत्र में एक लूट गिरोह काफी ज्यादा सक्रिय था, जिससे लोग काफी ज्यादा परेशान थे, इसी को देखते हुए पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. इस मामले के खुलासे के साथ ही पुलिस ने लूट की वारदातों में इस्तेमाल किए जाने वाले मोबाइल फोन और बाइक भी जब्त किए है.
कार्रवाई के बाद अपराधियों के बीच हड़कंप
वहीं पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई के बाद अपराधियों के बीच हड़कंप मचा हुआ है. पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया है कि यह लूट गिरोह काफी प्लानिंग के साथ काम कर रहा था, और लोगों को निशाना बनाकर मोबाइल फोन और बाइक के साथ कीमती चीजें लूट कर फरार हो जाता था. बताया जा रहा है कि 6, 8 और 11 जून को बाढ़, मोकामा और भदौर थाना क्षेत्र में कई लूट की घटनाएं हुईं. इन सभी लूट कांड में एक ही सफेद रंग की कार का इस्तेमाल हुआ. बताया जा रहा है कि ये बदमाश अलग-अलग इलाकों में जाकर लोगों को लूटते थे.
पुलिस ने इस तरह किया लूट कांड गिरोह का खुलासा
लगातार हो रहे लूट कांड की सूचना जब बाढ़ 1 के एसडीओपी राम कृष्ण के पास पहुंची तो उन्होंने थानाध्यक्ष ब्रज किशोर सिंह के नेतृत्व में एक टीम गठित की. टीम ने तकनीकी जांच और गुप्त सूचना के आधार पर अपराधियों की पहचान की. पूरा पता लगाने के बाद पुलिस ने इस गिरोह के संभावित ठिकानों पर छापेमारी की और पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया. फिलहाल इनसे पूछताछ की जा रही है, जिसमे कई घटनाओं में अपराधियों ने अपना गुनाह कबूल किया है.

