बांकीपुर उपचुनाव : '40 साल उन्हें, अब 4 साल हमें, बांकीपुर की जनता से रेखा गुप्ता की अपील

बांकीपुर उपचुनाव : '40 साल उन्हें, अब 4 साल हमें, बांकीपुर की जनता से रेखा गुप्ता की अपील

पटना (PATNA) : राजद ने पटना के बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए एक बार फिर रेखा गुप्ता को अपना उम्मीदवार बनाया है. उम्मीदवार बनाए जाने के बाद रेखा गुप्ता ने पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें संगठन और शीर्ष नेतृत्व का पूरा विश्वास मिला है. उन्होंने कहा कि बांकीपुर की जनता का भी उन्हें लगातार आशीर्वाद और समर्थन मिल रहा है. उन्हें पूरा भरोसा है कि इस बार राष्ट्रीय जनता दल बांकीपुर विधानसभा सीट पर जीत दर्ज करेगा.

जनता बदलाव के पक्ष में मतदान करेगी

रेखा गुप्ता ने कहा कि चुनाव में उन्हें किसी तरह की चुनौती नहीं दिख रही है. उन्होंने कहा कि पिछली बार भी कई चुनौतियां थीं, लेकिन उन्होंने उनका मजबूती से सामना किया था. उस समय भी जनता का अच्छा समर्थन मिला था और इस बार भी लोगों का भरोसा उनके साथ है. उन्होंने दावा किया कि इस बार बांकीपुर की जनता बदलाव के पक्ष में मतदान करेगी.

इस बार भाजपा को पीछे रहना पड़ेगा

जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर को लेकर पूछे गए सवाल पर रेखा गुप्ता ने कहा कि उनकी पार्टी पहले भी बांकीपुर से चुनाव लड़ चुकी है. उन्होंने कहा कि राजनीतिक रणनीतिकार और सक्रिय राजनेता में बड़ा अंतर होता है. उनका कहना था कि राष्ट्रीय जनता दल पूरी ताकत और संगठन के साथ चुनाव मैदान में उतरी है और इस बार भाजपा को पीछे रहना पड़ेगा.

बांकीपुर की जनता से भावुक अपील भी की

रेखा गुप्ता ने बांकीपुर की जनता से भावुक अपील भी की. उन्होंने कहा कि लोगों ने एक ही पार्टी को करीब 40 वर्षों तक मौका दिया है. अब एक महिला उम्मीदवार होने के नाते उन्हें सिर्फ चार साल का अवसर दिया जाए. उन्होंने विश्वास दिलाया कि यदि जनता उन्हें मौका देती है तो वह उनके भरोसे पर पूरी तरह खरा उतरेंगी और क्षेत्र के विकास के लिए ईमानदारी से काम करेंगी.

राजद को जीत दिलाकर एक नया संदेश देगी

उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता बांकीपुर के हर वर्ग की समस्याओं का समाधान करना, विकास कार्यों को गति देना और जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना होगा. रेखा गुप्ता ने दावा किया कि इस बार चुनाव में जनता बदलाव के पक्ष में फैसला करेगी और राजद को जीत दिलाकर एक नया संदेश देगी.