बांकीपुर उपचुनाव: 16वें राउंड के बाद प्रशांत किशोर 8,966 वोटों से आगे, जीत की ओर बढ़े कदम, पढ़ें ताजा अपडेट

बांकीपुर उपचुनाव: 16वें राउंड के बाद प्रशांत किशोर 8,966 वोटों से आगे, जीत की ओर बढ़े कदम, पढ़ें ताजा अपडेट

पटना (PATNA) : बिहार के चर्चित बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में जन सुराज पार्टी के लिए अच्छी खबर सामने आई है. मतगणना के 16वें राउंड के बाद जन सुराज के उम्मीदवार प्रशांत किशोर ने भाजपा के उम्मीदवार नीरज सिन्हा पर 8,966 वोटों की बढ़त बना ली है. लगातार बढ़ती लीड ने चुनावी मुकाबले को जन सुराज के पक्ष में झुका दिया है.

शुरुआत से ही प्रशांत किशोर बढ़त बनाए हुए हैं

मतगणना की शुरुआत से ही प्रशांत किशोर बढ़त बनाए हुए हैं. हर राउंड के साथ उनकी बढ़त बढ़ती गई और 16वें राउंड तक पहुंचते-पहुंचते यह अंतर करीब नौ हजार वोटों तक पहुंच गया. इससे जन सुराज पार्टी के कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी का माहौल है. कई जगह समर्थक जीत की उम्मीद में जश्न की तैयारी भी करने लगे हैं.

दूसरी ओर भाजपा उम्मीदवार नीरज सिन्हा के लिए मुकाबला अब कठिन होता दिख रहा है। हालांकि अभी मतगणना पूरी नहीं हुई है और निर्वाचन आयोग की ओर से अंतिम परिणाम घोषित किया जाना बाकी है। इसलिए आधिकारिक नतीजे आने तक किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी.

नतीजों पर सभी प्रमुख राजनीतिक दलों की नजर 

बांकीपुर विधानसभा सीट बिहार की राजनीति में काफी महत्वपूर्ण मानी जाती है. इस उपचुनाव के नतीजों पर सभी प्रमुख राजनीतिक दलों की नजर बनी हुई है. यदि मौजूदा रुझान अंतिम परिणाम में भी बरकरार रहते हैं तो यह जन सुराज पार्टी और उसके संस्थापक प्रशांत किशोर के लिए बड़ी राजनीतिक सफलता होगी. इससे बिहार की राजनीति में जन सुराज की स्थिति और मजबूत होने की संभावना भी बढ़ जाएगी.

फिलहाल के रुझान उनके पक्ष में मजबूत संकेत 

 फिलहाल मतगणना जारी है और सभी की नजर शेष राउंड की गिनती पर टिकी हुई है. अब देखना होगा कि प्रशांत किशोर अपनी बढ़त को अंत तक कायम रख पाते हैं या मुकाबले में कोई नया मोड़ आता है. फिलहाल के रुझान उनके पक्ष में मजबूत संकेत दे रहे हैं.