पटना (BIHAR) : बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर बिहार सरकार के मंत्री अशोक चौधरी ने जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि एनडीए की सीधी लड़ाई राजद की उम्मीदवार रेखा गुप्ता से है, न कि प्रशांत किशोर से. उनके अनुसार प्रशांत किशोर केवल वोट काटने के उद्देश्य से चुनाव मैदान में उतरे हैं और मुकाबले में उनकी कोई मजबूत स्थिति नहीं है.
वैसा ही नतीजा बांकीपुर में भी आएगा
अशोक चौधरी ने दावा किया कि जिस तरह का परिणाम हाजीपुर विधानसभा उपचुनाव में देखने को मिला था, वैसा ही नतीजा बांकीपुर में भी आएगा. उन्होंने कहा कि बांकीपुर विधानसभा सीट पिछले 31 वर्षों से भाजपा का मजबूत गढ़ रही है. इस सीट का लंबे समय तक प्रतिनिधित्व भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री और बिहार सरकार के मंत्री नितिन नवीन ने किया है. इससे पहले उनके पिता भी इस क्षेत्र की राजनीति से जुड़े रहे हैं. उन्होंने भरोसा जताया कि एनडीए उम्मीदवार अभिषेक कुमार बंटी इस चुनाव में बड़ी जीत हासिल करेंगे.
जनता का सामना करने में भी मुश्किल होगी
खुद को बांकीपुर विधानसभा का मतदाता बताते हुए अशोक चौधरी ने प्रशांत किशोर को चुनाव नहीं लड़ने की सलाह भी दी. उन्होंने कहा कि अगर प्रशांत किशोर चुनाव लड़ते हैं तो उनका परिणाम अच्छा नहीं होगा और बाद में उन्हें जनता का सामना करने में भी मुश्किल होगी. उन्होंने दोहराया कि इस सीट पर एनडीए की स्थिति बेहद मजबूत है और जनता एक बार फिर भाजपा के नेतृत्व वाले गठबंधन पर भरोसा जताएगी.
इस दौरान भरत तिवारी के घर जाने को लेकर पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए अशोक चौधरी ने कहा कि वह पूरी तरह मानवीय संवेदना के आधार पर उनके परिवार से मिलने गए थे. उन्होंने कहा कि किसी भी बुजुर्ग के बेटे के साथ ऐसी दुखद घटना होना बेहद पीड़ादायक है. उन्होंने परिवार को भरोसा दिलाया कि मामले में शामिल सभी दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा.

