पटना (PATNA) : राजधानी पटना के दीघा इलाके में एक बड़ी घटना होने से बच गई. दो बच्चों को कथित तौर पर जबरन एक ऑटो में बैठाने का प्रयास किया जा रहा था. इसी दौरान वहां मौजूद ट्रैफिक पुलिस की नजर इस घटना पर पड़ गई. पुलिस को देखते ही ऑटो चालक दोनों बच्चों को छोड़कर मौके से भाग निकला.
ऑटो चालक को दबोचा
ट्रैफिक पुलिस ने बिना देर किए वायरलेस के माध्यम से आसपास के पुलिस अधिकारियों को सूचना दी. सूचना मिलते ही पटना पुलिस और ट्रैफिक पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई शुरू की. कुछ ही देर में ऑटो चालक को पकड़ लिया गया और उसे दीघा थाना लाया गया.
दोनों बच्चों से पूछताछ की
पुलिस ने दोनों बच्चों से पूछताछ की. प्रारंभिक पूछताछ में एक बच्ची ने साफ कहा कि वह ऑटो चालक को नहीं जानती. बच्ची के अनुसार चालक उसे और दूसरे बच्चे को जबरन ऑटो में बैठाने की कोशिश कर रहा था. इस बयान के बाद पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए हर पहलू की जांच कर रही है.
उसका उद्देश्य क्या था
फिलहाल आरोपी ऑटो चालक से लगातार पूछताछ की जा रही है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि उसका उद्देश्य क्या था और क्या इस घटना में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल है. साथ ही बच्चों के परिजनों से भी जानकारी जुटाई जा रही है.
मामले की हर एंगल से जांच
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि घटना की पूरी सच्चाई सामने आ सके. जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
बड़ी वारदात टली
इस घटना में ट्रैफिक पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से एक संभावित बड़ी वारदात टल गई. समय रहते पुलिस के हस्तक्षेप से दोनों बच्चे सुरक्षित बच गए. फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और पूरे मामले की गहन जांच जारी है.

