अर्नब का असर कम होते ही बनने लगा दूसरा चक्रवात, पढ़िए बिहार-झारखंड में कैसा रहेगा असर, 20 राज्यों के लिए अलर्ट जारी
बंगाल की खाड़ी में शुरू हुए साइक्लोन अर्नब का असर अभी कम होना शुरू ही हुआ कि अब एक और तूफान का डर सताने लगा है. मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो बंगाल की खाड़ी में एक और मौसमी सिस्टम एक्टिव हो गया है. इस सिस्टम के अगले 12 से 18 घंटों में चक्रवाती तूफान में बदलने की प्रबल आशंका है.
पटना (PATNA): बंगाल की खाड़ी में शुरू हुए साइक्लोन अर्नब का असर अभी कम होना शुरू ही हुआ कि अब एक और तूफान का डर सताने लगा है. मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो बंगाल की खाड़ी में एक और मौसमी सिस्टम एक्टिव हो गया है. इस सिस्टम के अगले 12 से 18 घंटों में चक्रवाती तूफान में बदलने की प्रबल आशंका है. यह सिस्टम पश्चिम - उत्तर दिशा में बढ़ते हुए 2 नवंबर तक आंध्र प्रदेश तट के पास मध्य बंगाल की खाड़ी तक पहुंच सकता है. इस साइक्लोन का असर 2 राज्य में देखने को मिल सकता है.
40 से 100 किलोमीटर रह सकती है हवा की रफ्तार
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 20 राज्यों में हल्की से भारी बारिश हो सकती है. इस दौरान 40 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा भी चल सकती है. नए सिस्टम का सबसे अधिक असर आंध्र प्रदेश और ओडिशा समेत आसपास के राज्यों में दिख सकता है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 2 नवंबर को तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है. बंगाल की खाड़ी के समुद्री क्षेत्रों में भी हवा की रफ्तार बढ़ने की संभावना है.
आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में मछुआरों के लिए अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार 2 नवंबर की सुबह से 3 नवंबर की दोपहर तक पश्चिम मध्य बंगाल की खाड़ी में हवा की रफ्तार 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है. मौसम विभाग ने मछुआरों को 1 से 4 नवंबर के बीच बंगाल की खाड़ी के प्रभावित हिस्सों और आंध्र प्रदेश के तटीय क्षेत्रों में समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी है.
इन 20 राज्यों के लिए अलर्ट
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, तमिलनाडु, केरल, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, झारखंड, बिहार, ओडिशा, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में बारिश की संभावना है. इन राज्यों में कहीं हल्की तो कहीं मध्यम और भारी बारिश हो सकती है. हालांकि, सभी राज्यों के लिए भारी बारिश की चेतावनी जारी नहीं की गई है.
बिहार झारखंड में कैसा रहेगा मौसम
इस तूफान का असर बिहार में छिटपुट जगहों पर दिख सकता है. बिहार में 1 और 2 नवंबर को कुछ स्थानों पर हल्की से छिटपुट बारिश हो सकती है. हालांकि, मौसम विभाग ने राज्य में कहीं भी भारी बारिश का विशेष अलर्ट जारी नहीं किया है. बारिश और बदलते मौसम के कारण सुबह-शाम ठंड का असर बढ़ सकता है. वहीं झारखंड में भी 1 से 5 नवंबर के दौरान कुछ स्थानों पर हल्की से छिटपुट बारिश होने की संभावना है. हालांकि, इस अवधि के लिए राज्य में भारी बारिश का कोई विशेष अलर्ट जारी नहीं किया गया है. मौसम में बदलाव के साथ तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है.