नीतीश कुमार की सहमति से अनंत सिंह किए गये पार्टी से बाहर, संजय झा ने बताया सब, कांग्रेस से पूछा 'कैसे हारे'
संजय झा ने अनंत सिंह के ऊपर कार्रवाई को लेकर भी बड़ा बयान दिया. साथ ही कांग्रेस बिहार और कर्नाटक में अपनी सीटिंग सीट भी हार गई. इस बार तो ईवीएम से नहीं बल्कि बैलेट से चुनाव हुआ था फिर कांग्रेस अब किसे दोष देगी
पटना: देश के चार राज्यों में विधान परिषद चुनाव में 28 सीटों में एक तरफ जहां एनडीए ने 16 सीटों पर जीत दर्ज की है तो दूसरी तरफ कांग्रेस ने एक भी सीट नहीं जीती. चुनाव में कांग्रेस ने अपनी सीटिंग सीटें भी खो दी है जिसके बाद अब सत्ता पक्ष लगातार तंज कस रहा है. इसी कड़ी में गुरुवार को पटना पहुंचे जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने भी तंज कसा. इसके साथ ही संजय झा ने अनंत सिंह के ऊपर कार्रवाई को लेकर भी बड़ा बयान दिया. उन्होंने कहा कि कांग्रेस बिहार और कर्नाटक में अपनी सीटिंग सीट भी हार गई. इस बार तो ईवीएम से नहीं बल्कि बैलेट से चुनाव हुआ था फिर कांग्रेस अब किसे दोष देगी, चुनाव आयोग या ज्ञानेश कुमार को?
विपक्ष के लोग फैलाना चाहते हैं अराजकता
संजय झा ने कहा जब जनता ने कांग्रेस को रिजेक्ट कर दिया है. चुनाव दर चुनाव हमलोग देख रहे हैं कि जनता इन्हें नकार रही है. अब इनलोगों का कुछ चल नहीं पा रहा है तो अब ये लोग देश में अराजकता फैलाना चाहते हैं. दुनिया में जो चल रहा है, फ्रांस में देखिए कैसा माहौल बना है तो वह भारत में संभव नहीं है. अराजकता फैला कर अब सत्ता में नहीं बैठ सकते, जनता अब आपको चुन नहीं रही है. अब ये लोग देश में झूठ फैलाना और अराजकता फैलाने की राजनीति कर रहे हैं. ईवीएम हो या बैलेट, वोट मिलेगा तब न जीतेंगे.
कांग्रेस बताए, बैलेट में कैसे हार गई
जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने कहा कि विपक्ष वहां कह रहे हैं कि दिल्ली चलो और लोग उन्हें कह रहे हैं कि पटना छोड़ो. ये लोग जो कर रहे हैं इसका जनता कभी समर्थन नहीं करेगी. ये लोग जिनके साथ दिखते हैं, वैसे लोग हैं जो कह रहे हैं कि बांग्लादेश में सही हुआ. देश में जो भी अराजक तत्व हैं, सब कांग्रेस के साथ है. प्रधानमंत्री को बार बार जनादेश मिलना इन लोगों को पच नहीं पा रहा है. दिल्ली किस बात के लिए चलो, अब तो बैलेट में कांग्रेस कैसे हार गई, उस पर जवाब दें.
पार्टी में सबकी सहमति से होता है फैसला
जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने पटना स्नातक सीट पर नीरज कुमार की जीत हुई, पूरे एनडीए ने एकजुट हो कर काम किया है. हमलोग इस सीट के मतदाताओं को धन्यवाद देते हैं. इसके साथ ही यह जीत इस बात का गवाह है कि लोगों ने हमारे नेता नीतीश कुमार और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के विकास के काम के आधार पर वोट डाला है. उन्होंने अनंत सिंह के ऊपर कार्रवाई को लेकर कहा कि कोई भी पार्टी अनुशासन से चलती है. हमारी पार्टी में जब कोई फैसला होता है तो सबके सहमति से होता है फिर नीतीश कुमार मुहर लगाते हैं. हमें वह पसंद हो या न हो लेकिन सबकी सहमति से लिया गया फैसला हमेशा लागू होता है.