बिहार के बेढ़ना गांव पहुंचे अनंत सिंह और सियाराम सिंह, पीड़ित परिवारों से मिलकर दी आर्थिक मदद

बेढ़ना में चार युवकों की मौत के बाद अनंत सिंह और डॉ. सियाराम सिंह पहुंचे गांव, परिजनों से मिलकर दी आर्थिक मदद.

बिहार के बेढ़ना गांव पहुंचे अनंत सिंह और सियाराम सिंह, पीड़ित परिवारों से मिलकर दी आर्थिक मदद

पटना (PATNA): बाढ़ थाना क्षेत्र के बेढ़ना गांव में नॉनवेज पार्टी के दौरान शराब पीने के बाद चार युवकों की मौत की घटना से पूरे इलाके में शोक का माहौल है. हादसे के बाद पीड़ित परिवारों से मिलने के लिए मोकामा विधायक अनंत सिंह और बाढ़ विधायक डॉ. सियाराम सिंह गांव पहुंचे. दोनों नेताओं ने मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और आर्थिक सहायता भी उपलब्ध कराई.

परिजनों से बातचीत के दौरान अनंत सिंह ने कहा कि बेढ़ना गांव के लोगों से उनका पुराना जुड़ाव है और वे इस मुश्किल समय में परिवारों के साथ खड़े हैं. उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाया कि जरूरत के समय व्यक्तिगत और आर्थिक मदद के लिए वे उपलब्ध रहेंगे.

गांव में मीडिया से बातचीत के दौरान अनंत सिंह ने आगामी एमएलसी चुनाव को लेकर भी अपनी स्थिति स्पष्ट की. उन्होंने कहा कि वह डॉ. अनुज सिंह के समर्थन में रहेंगे और नीरज सिंह का साथ नहीं देंगे. उन्होंने कहा, "जो मेरे साथ रहेगा, हम उसका साथ देंगे." अनंत सिंह ने यह भी दावा किया कि 26 विधानसभा क्षेत्रों में उनके समर्थक डॉ. अनुज सिंह का समर्थन करेंगे.

मृतकों के परिजनों से मुलाकात के दौरान विधायक ने स्थानीय लोगों से अपने स्तर पर भी सावधानी बरतने की अपील की. उन्होंने कहा कि पुलिस हर समय और हर घर में मौजूद नहीं रह सकती, इसलिए गांव और मोहल्ले के लोगों को भी अपने स्तर पर जिम्मेदारी निभानी होगी.

बताया जा रहा है कि इससे पहले डॉ. सियाराम सिंह जब उमानाथ सती स्थान पहुंचे थे, तब देर से पहुंचने को लेकर कुछ ग्रामीणों ने नाराजगी जताई थी और उन्हें वहां से लौटना पड़ा था. हालांकि, इस बार अनंत सिंह उन्हें अपने साथ लेकर बेढ़ना गांव पहुंचे. दोनों नेताओं ने परिजनों से मुलाकात की और ग्रामीणों के साथ बातचीत कर स्थिति को सामान्य बनाने की कोशिश की.

अनंत सिंह ने कहा कि बेढ़ना के लोग उनके परिवार का हिस्सा हैं और वह आगे भी उनसे मिलने आते रहेंगे.