पटना के बाढ़ से दुखद खबर : शादी समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग, 11 वर्षीय बच्चे के गले में लगी गोली, जांच में जुटी पुलिस
बिहार में पुलिस प्रशासन के प्रतिबंध के बावजूद शादी विवाह और अन्य मौके पर हर्ष फायरिंग का मामला नहीं रुक रहा है. हर्ष फायरिंग की वजह से कई बार दुर्घटनाएं भी सामने आती हैं बावजूद इसके लोग मानने के लिए तैयार नहीं होते हैं.
पटना: छठ महापर्व खत्म होते ही बिहार में शादियों के समय का आगमन हो गया. हर तरफ शादियों की शहनाई की गूंज सुनाई देने लगी है इसी बीच शुक्रवार की देर पटना के बाढ़ में शादी की खुशी में अचानक चीख पुकार और भगदड़ मच गई. दरअसल शादी समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग में एक 11 वर्ष के बच्चे गोली लग गई किसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है. शादी की शहनाई और खुशियों के बीच बच्चे को गोली लगने से अफरातफरी का माहौल हो गया.

घटना बाढ़ थाना क्षेत्र के बुढ़नपुर गांव की है जबकि जख्मी बच्चे की पहचान कृष्णानंद सिंह के बेटे आर्यन कुमार के रूप में की गई. घटना के तुरंत बाद लोगों ने निजी गाड़ी से उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे पटना रेफर कर दिया. बताया जा रहा है कि गोली बच्चे के गले में लगी है.
घटना के संबंध में लोगों ने बताया कि शादी समारोह के दौरान बारात मिलन रस्म चल रहा था. इसी दौरान कुछ लोगों ने हर्ष फायरिंग शुरू कर दी. इसी में एक गोली आर्यन के गले में लग गई. घटना के बाद मौके पर चीख पुकार और अफरातफरी का माहौल हो गया. आननफानन में परिजनों ने उसे स्थानीय अस्पताल पहुंचाया जहां से डॉक्टर ने पटना रेफर कर दिया.

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. पुलिस शादी समारोह में हर्ष फायरिंग करने वाले लोगों की पहचान करने के साथ ही इस्तेमाल किए गए हथियार का पता लगा रही है. समारोह में मौजूद लोगों से भी पूछताछ की जा सकती है. पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
