मतदान के बीच अनंत सिंह के समर्थक पूर्व जदयू नेता छोटू सिंह को पुलिस ने पकड़ा, सोशल मीडिया लाइव आ कर कहा...
बिहार विधान परिषद चुनाव को लेकर 8 सीटों पर मतदान जारी है. इस बीच पटना में पुलिस ने जदयू से निष्कासित और अनंत सिंह के समर्थक छोटू सिंह को हिरासत में ले लिया है.
पटना: बिहार विधान परिषद चुनाव को लेकर शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की आठ सीटों पर सुबह से मतदान जारी है. इसी बीच राजधानी पटना में पुलिस ने मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह के समर्थक एवं पूर्व जदयू नेता छोटू सिंह को हिरासत में ले लिया. पुलिस छोटू सिंह को हिरासत में लेने के बाद थाना ले आई. इस मामले में छोटू सिंह ने खुद ही फेसबुक लाइव बताया कि वह अपनी गाड़ी से अकेले जा रहे थे इसी दौरान करबिगहिया में पुलिस ने उन्हें घेर लिया है. उन्हें जक्कनपुर थाने में रखा गया है.
छोटू सिंह ने आरोप लगाया कि पुलिस ने उन्हें जानबूझकर पकड़ा है और थाने में रखे हुए है. इस तरह से शुक्रवार को वोटिंग के बीच कई तरह की गतिविधियां देखने के लिए मिल रही है. छोटू सिंह को जब पुलिस थाने में बैठाई हुई थी, तभी मोकामा के विधायक अनंत सिंह ने उन्हें वीडियो कॉल किया था. छोटू सिंह को डिटेन किए जाने से पहले उनका एक ऑडियो मैसेज वायरल हुआ था, जिसमें उन्होंने दावा किया था कि पुलिस ने उन्हें घेर लिया है. उन्होंने कहा था कि प्रशासन ने उन्हें उठा लिया है.
छोटू सिंह जेडीयू के पूर्व नेता हैं. उन्हें पार्टी से निकाल दिया गया था. लेकिन वह अनंत सिंह के समर्थक कहे जाते हैं. दल विरोधी गतिविधियों और अनुशासनहीनता के आरोप में उन्हें पार्टी से निष्कासित किया गया था. जानकारी के मुताबिक, जेडीयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा की नई टीम में जगह नहीं मिलने के कारण छोटू सिंह बगावती तेवर दिखा रहे थे. प्रदेश पदाधिकारी नहीं बनाए जाने से नाराज छोटू सिंह की पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा से तीखी बहस और हंगामा हुआ था. पार्टी नेतृत्व ने उन्हें आधिकारिक कार्यक्रमों और जेडीयू ऑफिस में मंत्रियों की जनसुनवाई में बैठने से भी मना कर दिया था. इसके बाद उन्हें 6 साल के लिए पार्टी से निकाल दिया गया था.