पटना में NIA की छापेमारी के बीच 20 लाख कैश के साथ पकड़ा गया शख्स, पुलिस कर रही पूछताछ
पटना के चित्रगुप्त नगर थाना क्षेत्र में NIA की छापेमारी के दौरान एक अलग फ्लैट में रहने वाले शख्स को करीब 20 लाख रुपये नकद के साथ पकड़ा गया.
पटना के चित्रगुप्त नगर थाना क्षेत्र में NIA की छापेमारी के दौरान एक अलग फ्लैट में रहने वाले शख्स को करीब 20 लाख रुपये नकद के साथ पकड़ा गया.
पटना (PATNA) : बिहार की राजधानी पटना के चित्रगुप्त नगर थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की छापेमारी के दौरान एक अलग घटनाक्रम सामने आया है. NIA जिस व्यक्ति से संबंधित कार्रवाई के लिए पहुंची थी, वह मौके पर नहीं मिला. इसी बीच टीम की मौजूदगी देखकर कथित तौर पर भागने की कोशिश कर रहे एक अन्य व्यक्ति को पुलिस ने पकड़ लिया. तलाशी के दौरान उसके पास से करीब 20 लाख रुपये नकद बरामद होने की बात सामने आई है.
अपार्टमेंट के एक फ्लैट में पहुंची थी NIA टीम
जानकारी के मुताबिक, NIA की टीम चित्रगुप्त नगर थाना क्षेत्र में मेन रोड से सटे जुडियो मॉल के पास स्थित एक अपार्टमेंट के फ्लैट में छापेमारी करने पहुंची थी. टीम के साथ STF और स्थानीय थाना पुलिस भी मौजूद थी. बताया जा रहा है कि जिस व्यक्ति के सिलसिले में NIA की कार्रवाई की जा रही थी, वह वहां नहीं मिला. इसी दौरान अपार्टमेंट के दूसरे फ्लैट में रहने वाला एक व्यक्ति जांच एजेंसियों और पुलिस की मौजूदगी देखकर कथित तौर पर घबरा गया. वह नीचे उतरा और स्कूटी से वहां से निकलने की कोशिश करने लगा. उसकी गतिविधि संदिग्ध लगने पर मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उसे रोककर पकड़ लिया.
स्कूटी की डिक्की से मिला कैश
पुलिस की तलाशी के दौरान स्कूटी की डिक्की में एक झोला मिला. इसमें करीब 20 लाख रुपये नकद होने की बात कही जा रही है. इतनी बड़ी मात्रा में नकदी मिलने के बाद पुलिस ने संबंधित व्यक्ति से रकम के स्रोत को लेकर पूछताछ शुरू कर दी. चित्रगुप्त नगर थाना पुलिस के मुताबिक, आधार कार्ड के आधार पर पकड़े गए व्यक्ति की पहचान अनमोल कुमार मोदी के रूप में की गई है. वह पूर्वी चंपारण जिले के चकिया वार्ड नंबर-7 का रहने वाला बताया गया है.
आयकर विभाग को भी दी गई सूचना
पुलिस अब यह जानने का प्रयास कर रही है कि बरामद करीब 20 लाख रुपये कहां से आए और इस रकम का इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाना था. मामले की जानकारी आयकर विभाग को भी दिए जाने की बात सामने आई है.फिलहाल पुलिस संबंधित व्यक्ति से पूछताछ कर रही है. रकम के स्रोत और पूरे मामले में उसकी भूमिका को लेकर जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी.