झमाझम बारिश के बीच दरोगा अभ्यर्थियों का जोरदार प्रदर्शन, बैरिकेडिंग तोड़ने की कोशिश, पुलिस बल तैनात
बिहार की राजधानी पटना में दरोगा भर्ती को लेकर अभ्यर्थियों का आक्रोश सड़क पर देखने को मिल रहा है. अपनी मांगों को लेकर सैकड़ों की संख्या में अभ्यर्थी प्रदर्शन कर रहे हैं. प्रदर्शनकारी छात्रों की मांग है कि दरोगा भर्ती की शारीरिक दक्षता परीक्षा (फिजिकल एग्जाम) की तारीख जल्द घोषित की जाए और मुख्य परीक्षा रद्द करने के फैसले को वापस लिया जाए. इसको लेकर अभ्यर्थी सड़क पर उतरकर विरोध जता रहे हैं.
पटना (PATNA): बिहार की राजधानी पटना में दरोगा भर्ती को लेकर अभ्यर्थियों का आक्रोश सड़क पर देखने को मिल रहा है. अपनी मांगों को लेकर सैकड़ों की संख्या में अभ्यर्थी प्रदर्शन कर रहे हैं. प्रदर्शनकारी छात्रों की मांग है कि दरोगा भर्ती की शारीरिक दक्षता परीक्षा (फिजिकल एग्जाम) की तारीख जल्द घोषित की जाए और मुख्य परीक्षा रद्द करने के फैसले को वापस लिया जाए. इसको लेकर अभ्यर्थी सड़क पर उतरकर विरोध जता रहे हैं.
प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों को पटना के जेपी गोलंबर के पास पुलिस ने रोक रखा है. छात्रों को आगे बढ़ने से रोकने के लिए मौके पर बैरिकेडिंग की गई है. इसके साथ ही किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है. पुलिसकर्मी लगातार प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने और उन्हें निर्धारित स्थान पर रोकने की कोशिश कर रहे हैं.
हालांकि, अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्र पीछे हटने को तैयार नहीं हैं. झमाझम बारिश के बीच प्रदर्शनकारी लगातार बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश कर रहे हैं. छात्र जेपी गोलंबर से डाकबंगला की ओर बढ़ना चाहते हैं. इस दौरान मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है और पुलिस प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है.
अभ्यर्थियों का कहना है कि भर्ती प्रक्रिया को लेकर उनकी मांगों पर जल्द निर्णय लिया जाना चाहिए. फिजिकल परीक्षा की तारीख घोषित नहीं होने और मुख्य परीक्षा रद्द किए जाने के फैसले से अभ्यर्थियों में नाराजगी है. इसी नाराजगी को लेकर बड़ी संख्या में छात्र एकजुट होकर प्रदर्शन कर रहे हैं. फिलहाल जेपी गोलंबर के आसपास पुलिस की तैनाती के बीच प्रदर्शन जारी है. अभ्यर्थी अपनी मांगों को लेकर आवाज उठा रहे हैं, जबकि पुलिस उन्हें बैरिकेडिंग पार कर आगे बढ़ने से रोकने में जुटी है. अब देखना होगा कि प्रशासन और अभ्यर्थियों के बीच इस मामले में आगे क्या स्थिति बनती है.