बांकीपुर विधानसभा चुनाव के लिए सभी तैयारियां पूरी,कल सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक होगा मतदान

बांकीपुर विधानसभा चुनाव के लिए सभी तैयारियां पूरी,कल सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक होगा मतदान

पटना (PATNA) : बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में होने वाले मतदान को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं. मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी मतदान कर्मियों को चुनावी सामग्री के साथ उनके निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना कर दिया गया है.

पोलिंग पार्टियां अपने-अपने मतदान केंद्रों पर पहुंच रही हैं

प्रशासन के अनुसार सभी पोलिंग पार्टियां अपने-अपने मतदान केंद्रों पर पहुंच रही हैं, जहां मतदान शुरू होने से पहले आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जाएगा. मतदान के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या कानून-व्यवस्था की समस्या से निपटने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है.

मतदान केंद्र पर केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के जवान तैनात

हर मतदान केंद्र पर केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के जवान तैनात किए गए हैं. इसके अलावा बिहार पुलिस के विशेष जवान भी सुरक्षा व्यवस्था में लगाए गए हैं. संवेदनशील और अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है ताकि मतदाता बिना किसी भय के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें.

किसी भी समस्या का तत्काल समाधान के दिए निर्देश

जिला प्रशासन ने बताया कि मतदान के लिए सभी आवश्यक चुनावी सामग्री संबंधित मतदान दलों को उपलब्ध करा दी गई है. मतदान केंद्रों पर पेयजल, बिजली, बैठने की व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाओं का भी प्रबंध किया गया है. अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि मतदान प्रक्रिया के दौरान किसी भी समस्या का तत्काल समाधान किया जाए.

मतदान कल सुबह 7:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक होगा

बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में मतदान कल सुबह 7:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक होगा. प्रशासन ने सभी पात्र मतदाताओं से अपील की है कि वे निर्धारित समय के भीतर अपने मतदान केंद्र पर पहुंचकर लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और अपने मताधिकार का उपयोग करें.

जिला निर्वाचन प्रशासन ने भरोसा जताया है कि सुरक्षा व्यवस्था, चुनावी तैयारियों और प्रशासनिक निगरानी के चलते मतदान पूरी तरह शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न होगा.